शक्की पति का ससुराल में तांडव, पत्नी, सास-ससुर और साले पर पेट्रोल डाला और लगा दी आग
बातचीत शुरू ही हुई थी कि नीरज ने उर्मिला, सास रम्भा और ससुर छोटेलाल पर अचानक से मिर्च का पाउडर फेंक दिया। इसके बाद उसने पत्नी, सास-ससुर और साले के ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। पल भर में सभी आग की लपटों से घिर गए और चीख-पुकार मच गई।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के युवक ने सोमवार की रात सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के पिपरा कल्याण गांव स्थित अपनी ससुराल पहुंचकर पत्नी, सास-ससुर और साले पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। उनके साथ ही वह खुद भी आग में झुलस गया। पुलिस ने झुलसे लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर के अंकित विहार निवासी नीरज की शादी डेढ़ साल पहले पिपरा कल्याण की उर्मिला से हुई थी। नीरज अपनी पत्नी पर शक करने लगा था जिसे लेकर उनके बीच विवाद होने लगा। उर्मिला मायके आ गई। सोमवार की रात आठ बजे नीरज भी अपनी ससुराल पहुंचा। वहां उसकी पत्नी उर्मिला और परिवार के अन्य सदस्य घर में मौजूद थे। बातचीत शुरू ही हुई थी कि उसने उर्मिला, सास रम्भा और ससुर छोटेलाल पर अचानक से मिर्च का पाउडर फेंक दिया। इसके बाद उसने पत्नी, सास-ससुर और साले के ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। पल भर में सभी आग की लपटों से घिर गए और चीख-पुकार मच गई।
एक घर में कई लोगों को धू-धू कर जलता देख गांव वाले सन्न रह गए। उन्होंंने आनन-फानन में आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। थोड़ी दे में आग बुझा ली गई। इस दौरान हर कोई हैरान था कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि ससुराल आए दामाद ने इतना बड़ा कांड कर डाला। उर्मिला और उसके पिता गंभीर रूप से झुलस चुके थे। साले और सास ने भाग कर जान बचाई। नीरज भी झुलस गया।
हालांकि वह मौके से भाग गया। नीरज मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंचकर हंगामा करने लगा। पुलिस ने नीरज को पकड़कर भर्ती करा दिया। उर्मिला ने पुलिस को तहरीर दी कि उसकी शादी नाथ नगर निवासी मिठाई ने एक लाख रुपये लेकर धोखे से नीरज से करा दिया। थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि उर्मिला की तहरीर पर नीरज के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।




साइन इन