who is the girl who shot a young man in public with a pistol she has also extorted money from policemen कौन है वो लड़की जिसने पिस्टल से युवक को सरेआम मार दी गोली, पुलिसवालों से भी करती है वसूली, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

कौन है वो लड़की जिसने पिस्टल से युवक को सरेआम मार दी गोली, पुलिसवालों से भी करती है वसूली

वह गोरखपुर के सिंघड़िया में किराए के कमरे में रहती है। मंगलवार को अपना जन्मदिन मनाने के लिए वह तीन-चार युवकों के साथ कार से सिंघड़िया मॉडल शॉप के पास पहुंची थी। इस दौरान नर्सिंगहोम कर्मी विशाल कुछ युवकों के साथ वहां कार से पहुंचा। पुराने मामले को लेकर अंशिका और विशाल में कहासुनी हो गई।

Wed, 21 Jan 2026 06:26 PMAjay Singh वरिष्ठ संवाददाता, गोरखपुर
share
कौन है वो लड़की जिसने पिस्टल से युवक को सरेआम मार दी गोली, पुलिसवालों से भी करती है वसूली

यूपी के गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र में सिंघड़िया मॉडल शॉप के पास मंगलवार की देर शाम एक लड़की ने नर्सिंग होम कर्मचारी के साथी को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। साथियों के साथ भागने का प्रयास कर रही लड़की को स्थानीय लोगों ने घेर लिया। पुलिस ने लड़की सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। युवती के खिलाफ केस दर्ज कर अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। घायल युवक की पहचान खोराबार क्षेत्र के जंगल सिकरी बाईपास निवासी अमिताभ निषाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी लड़की से पुलिसवाले भी खौफ खाते हैं। वह कई पुलिसवालों को अपने जाल में फंसाकर वसूली कर चुकी है।

हरपुरबुदहट क्षेत्र की रहने वाली अंशिका सिंघड़िया में किराए के कमरे में रहती है। मंगलवार को अपना जन्मदिन मनाने के लिए वह तीन-चार युवकों के साथ कार से सिंघड़िया मॉडल शॉप के पास पहुंची थी। सूबा बाजार निवासी नर्सिंगहोम कर्मी विशाल कुछ युवकों के साथ वहां कार से पहुंचा। पुराने मामले को लेकर अंशिका और विशाल में कहासुनी हो गई। आरोप है कि अंशिका ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली विशाल के साथी अमिताभ के पेट में लग गई। युवती व उसके साथी भागने का प्रयास करने लगे लेकिन लोगों ने उन्हें घेर लिया। कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि युवती और उसके साथियों पर केस दर्ज किया गया है। युवती को गिरफ्तार कर साथियों की तलाश की जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ऐक्शन मोड में एंटी करप्शन टीम, अब बिजली निगम का टेंडर बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार

युवती से वर्दीवाले भी खाते हैं खौफ

मॉडल शॉप के पास युवक को गोली मारने की आरोपी युवती से वर्दीधारी भी खौफ खाते है। आरोप है कि युवती अंशिका अब तक दस से अधिक पुलिसकर्मियों को अपने जाल में फंसाकर और बदनामी का डर दिखाकर वसूली कर चुकी है। उसके फेर में एक दरोगा की थानेदारी तक छिन चुकी है। हालांकि किसी पुलिसवालों ने केस नहीं कराया। युवती के खिलाफ खोराबार थाने में थार चोरी में मुकदमा दर्ज है, जिसमें उसके साथी जेल गए थे, लेकिन गिरफ्तारी से पहले युवती ने अग्रिम जमानत हासिल कर ली थी।

हरपुरबुदहट इलाके की रहने वाली युवती अंशिका सिंघड़िया इलाके में किराये पर कमरा लेकर रहती है। मंगलवार को अपना जन्मदिन मनाने की तैयारी में उसने युवकों को बुलाया था। वह जिस कार से मॉडल शॉप के पास पहुंची थी, उसमें उसके साथ तीन अन्य युवक भी सवार थे। वहीं, दूसरे पक्ष की कार में विशाल मिश्रा और उसके साथी थे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद के दौरान युवती ने तमंचा निकाल लिया और गोली चला दी। गोली विशाल की गाड़ी चला रहे अमिताभ निषाद के पेट में जा लगी।

बताया जा रहा है कि युवती पुलिसकर्मियों से बातचीत बढ़ाकर, साथ घूमकर और बाद में दबाव बनाकर पैसे की मांग करती थी। इसी तरीके से वह कई पुलिसकर्मियों से वसूली कर चुकी है। वहीं, विशाल मिश्रा की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उनके पति किसी काम से सिंघड़िया मॉडल शॉप के पास पहुंचे थे और उन्हें बेवजह हिरासत में लिया गया। उनका कहना है कि विशाल इस घटना में निर्दोष हैं। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गोली युवती द्वारा चलाए जाने की बात सामने आई है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनकी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य आरोपितों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:प्यार में ऐसा धोखा? घर से बगावत कर शादी करने निकली लड़की, 'दूल्हा' हो गया फरार

किराए की थार लेकर हो गए थे फरार

सीओ के अनुसार, आरोपी सितंबर माह में दिल्ली घूमने गए थे, जहां से उन्होंने थार गाड़ी किराये पर ली और बाद में उसे लेकर फरार हो गए। पकड़े जाने के डर से उन्होंने गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर शहर में आवागमन शुरू कर दिया।

दो साथियों की गिरफ्तारी के बाद युवती भूमिगत हो गई थी। गोली की घटना के बाद पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवती के पास पिस्टल कहां से आई और वारदात में किन-किन लोगों की भूमिका रही। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

रील की चकाचौंध और महंगे शौक ने बना दिया अपराधी

सोशल मीडिया की चमक-दमक और महंगे शौक की चाह ने हरपुर बुदहट की रहने वाली युवती को अपराध की राह पर ला खड़ा किया। वह परिवार से अलग रह रही थी और सोशल मीडिया पर सक्रिय थी। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 7.50 हजार फॉलोअर हैं और वह अब तक 700 से अधिक रील्स पोस्ट कर चुकी है। युवती को महंगे कपड़े पहनना, नए मोबाइल रखना और दोस्तों के साथ घूमना-फिरना पसंद था। उसके इसी लाइफस्टाइल को लेकर परिवार से मतभेद बढ़ते गए और धीरे-धीरे परिवार ने उससे दूरी बना ली।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।