Husband murdered his wife and buried her body in the house यूपी में बीवी की हत्या कर घर में दफनाया शव, छह फिट खुदाई के बाद मिली लाश, ऐसे खुला राज, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में बीवी की हत्या कर घर में दफनाया शव, छह फिट खुदाई के बाद मिली लाश, ऐसे खुला राज

बहराइच में एक शराबी पति ने अपनी पत्नी की कथित रूप से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को घर के अंदर छह फीट गहरा दफना दिया। पत्नी के लापता होने के बाद मायके वालों की शिकायत पर जब पुलिस ने जांच शुरू की तो मामले का खुलासा हुआ।

Mon, 20 Oct 2025 07:41 PMPawan Kumar Sharma भाषा, बहराइच
share
यूपी में बीवी की हत्या कर घर में दफनाया शव, छह फिट खुदाई के बाद मिली लाश, ऐसे खुला राज

यूपी के बहराइच से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां जरवल रोड थाना क्षेत्र के नरपतपुरवा गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर शव को घर के अंदर ही दफना दिया। पुलिस ने रविवार को छह फुट तक खुदाई करने के बाद महिला का शव बरामद किया। आरोपति पति हरिकिशन फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। वहीं, इस घटना के खुलासे से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रामानंद प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि नरपतपुरवा गांव की रहने वाली 45 साल की फूला देवी के मायके वालों ने 13 अक्टूबर को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पता चला कि फूला के लापता होने से कुछ दिन पहले हरियाणा की एक फैक्ट्री में काम करने वाला उसका पति हरिकिशन घर लौटा था। पुलिस को हरिकिशन के कमरे में गीली मिट्टी दिखाई दी, जिस पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने खोदाई शुरू कराई। एएसपी ने बताया कि खोदाई के दौरान सड़न आने लगी और थोड़ा और खोदने पर फूला देवी का शव बरामद हो गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:प्रेमी के ठुकराए जाने पर टूटी 2 बच्चों की मां, थाने में ही काट ली कलाई

शराब का आदी था पति

मृतका फूला देवी के भाई रामधीरज के मुताबिक उसकी बहन की शादी 25 साल पहले हरिकिशन से हुई थी। उसने बताया कि हरिकिशन शराब पीने का आदी है और शराब पीकर अक्सर फूला को मारता-पीटता था। हरिकिशन के घर लौटने के बाद जब फूला लापता हो गई, तो उसने मायके वालों से कहा कि वह कहीं चली गई है। उधर, पुलिस ने फ़ॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गुमशुदगी की प्राथमिकी में अब संशोधन कर हरिकिशन के खिलाफ हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं। पुलिस हत्या के कारणों की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।