hotel operator arrested in gorakhpur for prostitution of girls investigation underway in 4 more hotels लड़कियों से देह व्‍यापार कराने में गोरखपुर में होटल संचालक गिरफ्तार, 4 और होटलों की जारी है जांच, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

लड़कियों से देह व्‍यापार कराने में गोरखपुर में होटल संचालक गिरफ्तार, 4 और होटलों की जारी है जांच

  • रेशमा और नंदनी नाम की दो लड़कियां भी जेल जा चुकी हैं। दोनों लड़कियां अन्य लड़कियों को हुक्का बार के साथ ही अन्य होटलों में लेकर जाती थीं। पुलिस ने गोरखपुर के गीडा इलाके के नौसढ़ स्थित होटल बाम्बे के संचालक को गिरफ्तार किया है। चैट और अन्य माध्यमों से होटल संचालक की भूमिका सामने आई थी।

Wed, 12 March 2025 06:15 AMAjay Singh हिन्दुस्तान, वरिष्‍ठ संवाददाता, गोरखपुर
share
लड़कियों से देह व्‍यापार कराने में गोरखपुर में होटल संचालक गिरफ्तार, 4 और होटलों की जारी है जांच

लड़कियों से देह व्यापार के मामले में पुलिस ने मंगलवार को गोरखपुर के गीडा इलाके के नौसढ़ स्थित होटल बाम्बे के संचालक को गिरफ्तार किया है। विवेचना के दौरान आरोपितों से चैट और अन्य माध्यमों से होटल संचालक की भूमिका सामने आई थी। फिलहाल अभी चार और होटल संचालकों की जांच जारी है। ठोस साक्ष्य मिलने के बाद इनकी भी गिरफ्तारी की तैयारी चल रही है। पकड़े गए होटल संचालक सहजनवा के वार्ड नम्बर दस निवासी अजय सिंह को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शाहपुर क्षेत्र में गीता वाटिका के पास फ्लाई इन होटल में संचालित जीनस बॉटल रेस्टोरेंट में हुक्का बार का संचालन हो रहा था।

पुलिस ने यहां छापा मारा तो देह व्यापार की बात सामने आई। जांच में कई नाम सामने आए। इस मामले में फ्लाई इन होटल के संचालक अनुराग सिंह, हुक्का बार संचालक अनिरुद्ध सहित 14 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। इनमें रेशमा और नंदनी नाम की दो लड़कियां भी जेल जा चुकी हैं। दोनों लड़कियां अन्य लड़कियों को हुक्का बार के साथ ही अन्य होटलों में लेकर जाती थीं। अजय सिंह गीडा क्षेत्र में बॉम्बे होटल के अलावा डोहरिया में बॉम्बे रेस्टोरेंट और बार का संचालन भी करता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:5 घंटे की देरी से लैंडिंग, एयरपोर्ट पर विमान में ही डेढ़ घंटे कैद रहे 180 यात्री

पुलिस की जांच में सामने आए चार होटलों में एक एम्स इलाके में संचालित फ्लाई इन-1 का नाम है, इसका मालिक अनुराग सिंह जेल में बंद है। इसके अलावा मोहद्दीपुर का एक और गीडा के दो होटलों के खिलाफ साक्ष्य मिले हैं। होटल मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ कर पुलिस उनका बयान भी नोट करने के बाद साक्ष्य जुटाना शुरू कर दी थी। उधर, देहव्यापार के धंधे में लिप्त सरगना अनिरुद्ध ओझा, फ्लाई इन होटल का मालिक अनुराग कुमार सिंह, मोहनापुर का आकाश यादव, बिछिया के रोहित छेत्री और विनय साहनी, आदित्य मौर्या और निखिल सिंह को पुलिस ने पकड़कर जेल भिजवाया था। इन पर सामूहिक दुष्कर्म का भी आरोप है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गोरखपुर से पहली सर्कुलर ट्रेन चलाने की तैयारी, मुंबई और पुणे का सफर होगा आसान

यह थी पूरी घटना

शाहपुर स्थित हुक्का बार में तीन किशोरियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया। तीनों किशोरियों ने केस दर्ज कराया फिर जांच शुरू हुई तो देहव्यापार का मामला भी सामने आया। पहला केस रामगढ़ताल इलाके की किशोरी ने दो जनवरी को रामगढ़ताल थाने में दर्ज कराया। इसके बाद शाहपुर थाने में कैंपियरगंज की किशोरी ने दस जनवरी और दूसरी देवरिया की किशोरी ने 13 जनवरी को परिवार के साथ पहुंचकर केस दर्ज कराया था।

क्‍या बोली पुलिस

गोरखपुर के एसपी सिटी अभिनव त्‍यागी ने बताया कि जांच के क्रम में गीडा इलाके के एक होटल संचालक का नाम सामने आया। उसे गिरफ्तार किया गया है। अन्य होटल संचालकों की जांच जारी है। साक्ष्य के आधार पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।