5 hours delayed landing 180 passengers sitting on the plane for an hour and a half at the airport 5 घंटे की देरी से लैंडिंग, एयरपोर्ट पर विमान में ही डेढ़ घंटे कैद रहे 180 यात्री, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

5 घंटे की देरी से लैंडिंग, एयरपोर्ट पर विमान में ही डेढ़ घंटे कैद रहे 180 यात्री

  • विमान से दिल्ली जाने वाले यात्रियों ने लेटलतीफी को लेकर जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ते देखकर मौके पर पहुंचे अफसरों ने यात्रियों को समझाकर शांत कराया। यात्रियों का कहना था कि अगर एयरपोर्ट पर ही 5-5 घंटे इंतजार करना पड़े तो अच्छा है कि ट्रेन से ही चले जाएं।

Wed, 12 March 2025 05:46 AMAjay Singh हिन्दुस्तान, मुख्‍य संवाददाता, गोरखपुर
share
5 घंटे की देरी से लैंडिंग, एयरपोर्ट पर विमान में ही डेढ़ घंटे कैद रहे 180 यात्री

गोरखपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। विमान में खराबी से हुई सांसत के महज दो दिन बाद मंगलवार को फिर दिल्ली से गोरखपुर आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट एसजी 139 में डेढ़ घंटे तक 180 यात्री कैद रहे। यह फ्लाइट निर्धारित समय से पांच घंटे देरी से शाम 5.50 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुई। इस दौरान एप्रन पर मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट लगी हुई थी। शाम 6.25 बजे इसकी उड़ान के बाद एप्रन पर दूसरी फ्लाइट लग गई। इस वजह से यात्री उतर नहीं सके। यात्री विमान के अंदर ही बिना चाय-पानी के बैठे रहे। करीब 7.16 बजे विमान को एप्रन में लाया गया, तब जाकर यात्री उतर सके। इसके बाद 7.58 बजे विमान करीब 20 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए उड़ान भर सका।

उधर, इसी विमान से दिल्ली जाने वाले यात्रियों ने लेटलतीफी को लेकर जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ते देखकर मौके पर पहुंचे अफसरों ने यात्रियों को समझाकर शांत कराया। यात्रियों का कहना था कि अगर पांच-पांच घंटे एयरपोर्ट पर ही इंतजार करना पड़े तो अच्छा है कि ट्रेन से ही चले जाएं। यात्रियों ने इस दौरान चाय-नाश्ता न देने का भी आरोप लगाया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:स्पाइस जेट की फ्लाइट में आई खराबी, गोरखपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों ने काटा हंगामा

फूंलने लगी थी सांस

विमान में फंसे अभिषेक पाण्डेय ने ‘हिन्दुस्तान’ से अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि अधिक किराया खर्च कर इसलिए फ्लाइट से गोरखपुर आए कि जल्दी घर पहुंच जाएंगे। यहां जल्दी पहुंचना तो छोड़िए, पहले करीब तीन घंटे तक दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान के उड़ान भरने का इंतजार करते रहे। गोरखपुर पहुंचने के बाद डेढ़ घंटे तक विमान में ही कैद कर दिया गया। विमान के अंदर उनकी सांस फूलने लगी थी। यह बहुत आपत्तिजनक है। विमानन कंपनी को इसपर लिखित माफी के साथ ही पूरा किराया रिफंड करना चाहिए। अभिषेक की तरह फ्लाइट में फंसे योगेश ने बताया कि ऐसा लग रहा था कि किसी ने उन्हें जबरिया फ्लाइट में बैठाया हो।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:फ्लाइट-बसों में किराया 2 गुना, ट्रेनों में सीट नहीं; अब होली में घर आने की चिंता

रविवार को फंस गए थे 2200 से ज्यादा यात्री

रविवार को दिल्ली से गोरखपुर पहुंची स्पाइस जेट की फ्लाइट में खराबी आ जाने से उसके बाद उतरने वाले छह विमानों के 900 से ज्यादा यात्री तीन घंटे तक फ्लाइट में ही फंसे थे। एयरपोर्ट पर कुल 2200 से ज्यादा यात्री परेशान हुए। इस दौरान विमानों से वापस दिल्ली, मुम्बई, हैदराबाद, बेंगलुरु और कोलकाता जाने वाले यात्रियों ने चेकइन एरिया में जमकर हंगामा भी किया था।

क्‍या बोल एयरपोर्ट निदेशक

एयरपोर्ट निदेशक आरके परासर ने बताया कि स्पाइस जेट का एसजी 139 विमान पांच घंटे की देरी से गोरखपुर लैंड हुआ। देरी की वजह से कुछ समय तक यात्री विमान में ही बैठे रहे। हमारे अधिकारी और स्टाफ ने काफी परिश्रम कर यात्रियों को 7.16 बजे नीचे उतारा और 7.58 बजे विमान वापस दिल्ली भेजा गया।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।