Hindu extremists surrounded and beat a meat seller on suspicion of beef गोमांस के शक में मीट विक्रेता को घेरकर पीटा, हिंदूवादियों पर केस दर्ज, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

गोमांस के शक में मीट विक्रेता को घेरकर पीटा, हिंदूवादियों पर केस दर्ज

अलीगढ़ में हिंदूवादियों ने गोमांस के शक में एक मीट विक्रेता को घेरकर पीट दिया। उसकी बाइक में तोड़फोड़ कर दी। आरोप है कि हिंदूवादियों ने वैध बिल भी फाड़ दिए। इसके बाद थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।

Sun, 21 Dec 2025 09:29 AMPawan Kumar Sharma संवाददाता, अलीगढ़
share
गोमांस के शक में मीट विक्रेता को घेरकर पीटा, हिंदूवादियों पर केस दर्ज

यूपी के अलीगढ़ में शनिवार को हिंदूवादियों ने गोमांस के शक में एक मीट विक्रेता को घेरकर पीट दिया। उसकी बाइक में तोड़फोड़ कर दी। वह मीट फैक्ट्री से वैध बिल के साथ बाइक पर भैंस का मांस लादकर ला रहा था। आरोप है कि हिंदूवादियों ने बिल भी फाड़ दिए। इसके बाद थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस ने हिंदूवादियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मांस का सैंपल भी लिया गया है।

हरदुआगंज के मोहल्ला गुडियाई निवासी शरीफ कुरैशी के अनुसार वह अपनी निजी दुकान पर करीब 20-25 वर्षों से भैंस के मांस को वैध तरीके से बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता चला आ रहा है। शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह मथुरा रोड स्थित अल-दुआ फूड प्रोसेसिंग फैक्ट्री के सप्लायर सराय रहमान निवासी मोहसिन से भैंस के मांस को वैध बिल के साथ लेकर आ रहा था। तभी हनुमानगढ़ी रोड स्थित प्रोमिस स्कूल के सामने दो बाइक व एक अर्टिगा कार से आए हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने रोक लिया। इनमें रॉयल होम्स तालानगरी निवासी नवीन चौधरी, इस्कॉन मंदिर के सामने रहने वाले सुमित ठाकुर, अनुज पंडित, आदित्य हिंदू, मोहल्ला महाब्रह्मम्मण निवासी यशु पंडित, गांव बैरामगढ़ी निवासी प्रशांत जाटव व हरदुआगंज के मोहल्ला बौहरान निवासी व 10-12 अज्ञात लोग शामिल थे।

वहीं, इस मामले में एसपी देहात अमृत जैन का कहना है कि हरदुआगंज में एक व्यक्ति के साथ प्रतिबंधित मीट बेचने का आरोप लगाकर मारपीट की गई थी। इसमें सात नामजद व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:विधायक का रौब झाड़ना पड़ा महंगा, शराब पीकर चला रहा था विधानसभा पास वाली गाड़ी

पांच मिनट तक मीट विक्रेता घेरे रखा, हमले को ईंट उठाई

विक्रेता के साथ मारपीट के आरोपियों को पुलिस चिह्नित कर रही है। सोशल मीडिया पर छह मिनट 56 सेकंड का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग बाइक पर टंगे बोरे में भरे मीट को जमीन पर फैलाते नजर आ रहे हैं। फिर करीब पांच मिनट तक उसे घेरकर रखा गया। इस दौरान कई लोगों ने आकर मारपीट की। उसकी बाइक को ईंट व लात-घूंसों से तोड़ दी। एक युवक ने ईंट तक उठा ली, जिसे अन्य लोगों ने रोका। पुलिस की जांच में सामने आया है कि मारपीट करने वालों में कुछ लोग आगरा के भी थे।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।