UP Rain: यूपी में रेनी संडे, 10 में भारी बारिश; कई जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अवदाब के कमजोर पड़ जाने के बाद मानसूनी ट्रफ लाइन फिर से सक्रिय हो रही है। ऐसे में मौसम रविवार से फिर तेवर दिखा सकता है। यूपी के जिलों में छिटपुट बारिश का सिलसिला फिर शुरू होगा। वहीं, पश्चिमी छोर पर उत्तराखंड से सटे जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

UP Rain Alert: एक दिन पहले उत्तर प्रदेश से गुजरा अवदाब अपने साथ नम हवा खींच ले गया। नतीजतन शनिवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में धूप निकली। साथ ही उमस भी बढ़ी। मौसम विभाग के अनुसार अवदाब के कमजोर पड़ जाने के बाद मानसूनी ट्रफ लाइन फिर से सक्रिय हो रही है। ऐसे में मौसम रविवार से फिर तेवर दिखा सकता है। प्रदेश के जिलों में छिटपुट बारिश का सिलसिला फिर शुरू होगा। वहीं, पश्चिमी छोर पर उत्तराखंड से सटे जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, बागपत, मेरठ, अमरोहा, रामपुर, बरेली और आसपास के इलाके शामिल हैं। इसके साथ ही 56 जिलों में रविवार को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
इन जिलों में बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कानपुर देहात, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुर, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर शामिल हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान कानपुर में हल्की उमस रही, हालांकि आसपास के कुछ जिलों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। कानपुर में पॉकेट रेन के चलते शनिवार सुबह 08:30 बजे तक छह मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
गोरखपुर : धूप-उमस ने परेशान किया, आज बारिश के आसार
गोरखपुर-बस्ती मंडल में शनिवार को मानसून की सक्रियता कम रही। सुबह से ही धूप निकल आई। बीच-बीच में बादल जरूर छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई। उमस ने परेशान किया। गोरखपुर में रात का तापमान करीब 3.1 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिन के तापमान में कुछ गिरावट हुई है। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
प्रयागराज: बारिश के बाद बढ़ी तपिश और उमस
गुरुवार को हुई झमाझम बारिश के बाद दो दिन से गर्मी और उमस बढ़ गई है। दिन में तेज धूप होने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा। शु्क्रवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस था। 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। हालांकि न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई। मौसम विभाग के अनुसार बादल छाए रहेंगे और 21 से 25 जुलाई तक गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।




साइन इन