UP Weather: यूपी में आज और कल मानसून दिखाएगा तेवर, होगी भारी से बहुत भारी बारिश
मौसम विभाग ने 3 अगस्त को वेस्ट यूपी में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ वज्रपात और भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मानसून आने के बाद लखनऊ में शनिवार को तीसरी बार मूसलाधार बारिश हुई।

UP Weather Update: यूपी में मानसून आज और कल अपने तेवर दिखाएगा। मौसम विभाग ने आज और कल के लिए लखनऊ समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ और आसपास के इलाकों में मानसून ज्यादा सक्रिय है। मानसून की ट्रफ लाइन उत्तर की ओर खिसकी हुई है। चक्रवाती परिसंचरण भी प्रभावी है। ऐसे में कई इलाकों में बड़े स्तर पर मूसलाधार बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 3 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ वज्रपात और भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मानसून आने के बाद शनिवार को तीसरी बार लखनऊ में मूसलाधार बारिश हुई। यह बारिश कई इलाकों में काफी ज्यादा हुई। शनिवार को दोपहर तक उमस काफी अधिक बढ़ गई थी। बादल छाए थे लेकिन हवा जैसे रुक गई थी। इसके बाद करीब पौने तीन बजे बारिश शुरू हुई जो शाम 5 बजे तक चली। इंदिरा नगर, गोमती नगर, विकासनगर, पांडेयगंज और रकाबगंज में काफी अधिक बारिश हुई। रात में फिर बारिश का सिलसिला शुरू हुआ।
मध्य प्रदेश से सटे जिलों में हुई अच्छी बारिश
उधर, चक्रवाती परिसंचरण के नजदीक आते ही शुक्रवार-शनिवार रात कानपुर में भी झमाझम बारिश हुई। पॉकेट रेन का मिजाज बना रहा। एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर सुबह 08:30 बजे तक 62 मिमी और सीएसए में 16.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। नौबस्ता में 21.9, बर्रा में 17 मिमी और सिविल लाइंस में 18.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
जून 17 से शुरू हुई मानसून की गतिविधियां अब तक थमी नहीं है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में जोरदार बारिश का असर यूपी पर भी पड़ा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश से सटे जिलों में अच्छी बारिश हुई। कानपुर में रात दो बजे से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ जो शनिवार सुबह तक जारी रहा। तेज गरज चमक के साथ शहर के चकेरी क्षेत्र में तेज बारिश हुई। यहां 62 मिमी तक बारिश हो गई। इसकी तुलना में शेष क्षेत्रों में देर तक बारिश हुई लेकिन हल्की रही। अधिकतम तापमान 31.5 और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन-रात का पारा सामान्य से कम रहा। दिन के तापमान में मामूली वृद्धि तेज धूप खिलने से हुई।
फिर भी इससे गर्मी का अहसास नहीं हो सका। रात के तापमान में लगातार कमी बनी हुई है। उमस भी धीरे-धीरे कम हो रही है लेकिन आने वाले दिवसों में यह बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इस दौरान कहीं भारी तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मौसमी गतिविधियां मानसून में तेजी से बनती बिगड़ती हैं। फिलहाल छह से यूपी में बारिश थमने लगेगी। ऐसा कई दिन हो सकता है। यदि कोई नया मौसमी सिस्टम बनता है तो फिर बारिश की संभावना बन सकती है।




साइन इन