heatwave schools timing changed class 1 to 8 basic shiksha bsa order आठवीं तक के स्कूलों का समय कई जिलों में बदला, इस जिले में 12वीं तक के बच्चों को मिली राहत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

आठवीं तक के स्कूलों का समय कई जिलों में बदला, इस जिले में 12वीं तक के बच्चों को मिली राहत

यूपी में भीषण गर्मी और लू को देखते हुए आधा  दर्जन से ज्यादा जिलों में कक्षा 8 तक के स्कूलों का समय बदल दिया गया है। मिर्जापुर में 12वीं तक के स्कूलों को राहत दी गई है। अब ज्यादातर जिलों में स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेंगे।

Mon, 20 April 2026 02:43 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
आठवीं तक के स्कूलों का समय कई जिलों में बदला, इस जिले में 12वीं तक के बच्चों को मिली राहत

UP News: उत्तर प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से जारी चिलचिलाती धूप और 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के पार जाते तापमान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भीषण गर्मी और लू (Heatwave) के प्रकोप से स्कूली बच्चों को बचाने के लिए शासन के निर्देश पर प्रदेश के आधा दर्जन से अधिक जिलों में कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों का समय बदल दिया गया है। मिर्जापुर में 12वीं तक के बच्चों को राहत दी गई है। छुट्टी के वक्त चिलचिलाती दोपहर में घर लौटते बच्चों की तबीयत बिगड़ने की शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया है। ज्यादातर जिलों में 12.30 या 12 बजे छुट्टी होगी। हालांकि सवाल उठ रहा है कि 12 या 12.30 पर तो सबसे ज्यादा तीखी धूप होती है। ऐसे में बच्चों को राहत कैसे मिल सकेगी?

किस जिले में क्या होगा नया समय?

विभिन्न जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) ने स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार समय में परिवर्तन किया है। चंदौली, प्रतापगढ़, संतकबीर नगर और जौनपुर में परिषदीय स्कूलों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कर दिया गया है। जालौन और हमीरपुर (बुंदेलखंड) में सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक स्कूल संचालित होंगे।औरैया और सोनभद्र में सबसे ज्यादा राहत देते हुए समय सुबह 7:00 बजे से 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। वर्तमान में स्कूलों का समय सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक था, जिससे छुट्टी के समय तेज धूप के कारण बच्चों को भारी परेशानी हो रही थी।

मिर्जापुर में 12वीं तक के स्कूल 12 बजे तक चलेंगे

मिर्जापुर में लू के थपेड़ों और तापमान में वृद्धि के मद्देनजर सोमवार को यूपी बोर्ड, सीबीएसई, संस्कृत और मदरसा बोर्ड से संचलित सभी राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में कक्षा 6 से 12 वीं तक बच्चों की पढ़ाई और छुट्टी के समय में परिवर्तन कर दिया गया है l सभी विद्यालय सुबह सात से दोपहर 12बजे तक संचलित किए जाएंगे l जिला विद्यालय निरीक्षक माया राम ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापकों से आदेश का कड़ाई से अनुपालन करने को कहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गंगा एक्सप्रेसवे से पहले मोदी काशी को देंगे करोड़ों की सौगात, इस दिन आगमन

बीएसए को मिला समय बदलने का अधिकार

बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने राहत आयुक्त और उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों का हवाला देते हुए सभी जिलों को गाइडलाइन जारी की है। शासन ने जिला स्तर पर बीएसए को यह अधिकार दे दिया है कि वे अपने जिले में गर्मी की गंभीरता को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव कर सकते हैं। औरैया, जालौन और जौनपुर समेत कई जिलों ने तत्काल प्रभाव से आदेश लागू कर दिए हैं, जबकि अन्य जिलों में सोमवार तक नए आदेश जारी होने की संभावना है।

शिक्षक संगठनों और अभिभावकों की थी मांग

तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए अभिभावक और शिक्षक संगठन काफी समय से समय परिवर्तन की मांग कर रहे थे। कुछ संगठनों ने तो मुख्यमंत्री और राज्यपाल को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की अपील की थी। शिक्षकों का कहना था कि भरी दुपहरी में घर जाते समय बच्चों को लू लगने का खतरा सबसे ज्यादा रहता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:स्मार्ट प्रीपेड मीटर की गड़बड़ियों पर बड़ा ऐक्शन, कंपनियों के भुगतान पर रोक
ये भी पढ़ें:IAS से विवाद; तहसीलदार के पीछे कौन? गोपनीय जांच, कई अफसरों की मुश्किलें बढ़नी तय

बचाव के भी निर्देश

शिक्षा विभाग ने स्कूलों को यह भी निर्देश दिए हैं कि परिसर में शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था हो और बच्चों को लू से बचने के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप और बढ़ने वाला है, ऐसे में अन्य जिलों में भी जल्द ही समय बदलने के आदेश जारी हो सकते हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।