यूपी में अब कहर बरपाएगी गर्मी, अभी से बढ़ने लगा पारा, इस दिन से शुरू हो जाएगा हीट वेव
दिन पर दिन यूपी के तापमान में गर्माहट शुरू हो गई है। आंधी-बारिश से मौसम में आई नमी धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में प्रदेश में प्रचंड गर्मी पड़ेगी।

UP Weather News: यूपी में आंधी-बारिश के बाद अब गर्मी अपना रूप से दिखाएगी। अभी मौसम में कुछ नमी है, लेकिन धीरे-धीरे यह कम होती जा रही है। मौसम में अब पारा भी बढ़ना शुरू हो गया है। आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश में भयंकर गर्मी पड़ सकती है। मौसम विभाग ने हीट वेव का भी अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 16-19 अप्रैल के बीच तापमान तेजी से बढ़ेगा और हीट वेव की शुरुआत हो जाएगी। दरअसल जेट स्ट्रीम सर्दियों में शीतलहर के लिए तो गर्मियों में हीट वेव का कारण बनती है। इसकी स्थिति बदल जाने से यह बदलाव होता है। यह धीरे-धीरे उत्तर की ओर खिसक रही है।
तीन अप्रैल से अब तक अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। ऐसा अब तक आ चुके चार विक्षोभों के कारण हुआ है। अभी 15 अप्रैल को पांचवां विक्षोभ आना शेष है। चौथे विक्षोभ से पूरे प्रदेश में 30-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। कानपुर में भी 25-30 किमी की गति से हवाएं चल रही हैं। अधिकतम नमी 57 प्रतिशत रही है जबकि न्यूनतम मात्र 16 प्रतिशत रह गई है। शुष्क हवाएं चलने के बाद भी सोमवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से कम है। रात का पारा 19 डिग्री रहा जो सामान्य से कम है। यह स्थिति अभी एक-दो दिन और बनी रहेंगी।
गर्म हवाएं पूरे उत्तर भारत में लाएंगी गर्मी
16 के बाद से शुष्क हवाएं चलने लगेंगी और 19 तक यदि कोई नया विक्षोभ नहीं आता है तो हीट वेव की शुरुआत हो जाएगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार हीट स्ट्रीम भौगोलिक कारणों से अब उत्तर की ओर खिसक जाएगी। इसके खिसकते ही तेज हवाएं लू के रूप में बदल जाएंगी जो बेहद गर्म होंगी। यही हवाएं पूरे उत्तर भारत में गर्मी लाएंगी। अप्रैल के आखिर तक या मई के शुरू से तेज गर्मी की शुरुआत हो जाएगी। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विभाग के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है लेकिन तेज हवाएं चलती रहेंगी। तापमान धीरे-धीरे बढ़ता रहेगा।
गर्मी बढ़ते ही चढ़ा बुखार का पारा
मौसम में लगातार हो रहे उतार चढ़ाव और बढ़ रही गर्मी के बीच बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। सोमवार को प्रदेश के अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की खासी भीड़ रही। शनिवार और रविवार को सामान्य ओपीडी का संचालन नहीं हुआ था। ऐसे में सोमवार को जब ओपीडी खुली तो पर्चा बनवाने के लिए सुबह से ही मरीजों की लंबी लाइन लग गई। दोपहर 12 बजे तक 1790 से अधिक मरीजों का पंजीकरण हो चुका था। अस्पताल की ओपीडी में बुखार, खांसी और पेट संबंधी बीमारी वाले मरीजों की संख्या अधिक रही।
मौसम में बदलाव के बाद तपिशभरी गर्मी से होगा सामना
आगरा में अप्रैल के तीसरे सप्ताह में अधिकतम तापमान 41 डिग्री पहुंचते ही लोगों को तपिशभरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में तेज धूप से बचने के लिए सावधानी बरतना जरूरी है। तेज धूप में घर से बाहर निकलें तो बदन को ढकें। शरीर में पानी की कमी नहीं होने के लिए शीतल पेयपदार्थों का सेवन करें। रविवार को मौसम साफ होने के बाद अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पहुंचते ही लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा। मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल के तीसरे साप्ताह में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। जिसकी वजह से लोगों को सूरज के तल्ख तेवर का एहसास कराएंगे।




साइन इन