यूपी में आंधी-बारिश का कहर: बिजली गिरने से दंपति और बच्चों समेत सात की मौत, पांच घायल
पूर्वांचल और बुंदेलखंड में आंधी-बारिश ने जमकर कहर बरपाया। शुक्रवार की देर शाम आंधी-बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिससे सात लोगों की मौत हो गई। कुछ जगहों पर ओले भी गिरने की सूचना है।

UP Weather: यूपी के अलग-अलग जिस्सों में आंधी-बारिश ने जमकर कहर बरपाया। कहीं ओले गिरे तो कहीं तेज हवाओं के कारण पेड़ खड़कर सड़क पर गिर गए। आकाशीय बिजली गिरने के कारण भी काफी नुकसान हुआ है। पूर्वांचल में वज्रपात के चलते तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इसी तरह बुंदेलखंड में बिजली गिरने के कारण छात्र समेत चार लोगों ने दम तोड़ दिया।
वाराणसी में शुक्रवार दोपहर में आंधी और बूंदाबादी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दंपति की मौत हो गई। जिले के सिंधोरा क्षेत्र के भदेवली में पेड़ के नीचे खड़े शिक्षक 59 वर्षीय रमेशचंद्र भारती, उनकी पत्नी 55 वर्षीय चमेला देवी की वज्रपात की चपेट में आने से जान चली गई। जबकि वज्रपात से जाठी गांव में विमला देवी, भतीजी सुनीता, मनीता और चारो ग्राम सभा में सरिता देवी और उनका बेटा आदित्य झुलस गया।
कई जिलों में आंधी के साथ बूंदाबांदी
भदोही के चौरी क्षेत्र में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 12 वर्षीय प्राइस पाल की मौत हो गई। इसके अलावा सोनभद्र, गाजीपुर, मऊ, मिर्जापुर, जौनपुर, और चंदौली में आंधी के साथ बूंदाबादी हुई। वहीं आजमगढ़ में आंधी के कारण पेड़ गिरने से महराजगंज-राजेसुल्तानपुर मार्ग बाधित रहा। बलिया के सिकन्दरपुर में बिजली के तार पर पेड़ गिरने से करीब आधा दर्जन गांवों में आपूर्ति बाधित हो गई।
बुंदेलखंड में आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों समेत चार की मौत
बुंदेलखंड में गुरुवार देर रात अचानक से एक बार फिर से मौसम बदल गया। झांसी, हमीरपुर, महोबा और बांदा में जहां शुक्रवार को हवा के साथ हल्की बारिश हुई। वहीं उरई में हवा और बारिश के साथ ओले भी गिरे। ऐसे में फसल में 30 से 40 फ़ीसदी तक नुकसान का अनुमान है। चित्रकूट के भरतकूप थाना क्षेत्र के पतौंडा गांव के मजरा रजौली पुरवा निवासी राजकिशोर का 10 वर्षीय बेटा नीरज, रामबाबू का 12 वर्षीय बेटा सुमित, भूरा यादव का 13 वर्षीय बेटा विकास व विष्णु का 13 वर्षीय बेटा करन शुक्रवार को सुबह बकरियां चराने खेतों में गए थे। तभी आकाशीय बिजली गिरी और चारों गंभीर रूप से झुलस गए। इन्हें सीएचसी शिवरामपुर ले जाया गया। जहां विकास व करन की मौत हो गई, जबकि नीरज व सुमित को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं रैपुरा थाना क्षेत्र के कुई गांव में आकाशीय बिजली गिरने से गंगा प्रसाद की 50 वर्षीया पत्नी रजपतिया की मौत हो गई। इसके अलावा ललितपुर के बार थाना क्षेत्र के जरावली के 15 वर्षीय किशोर की आकाशीय बिजली के चपेट में आने से जान चली गई।




साइन इन