लखनऊ में मां-बेटे के हत्यारे का हाफ एनकाउंटर; पैर में लगी गोली, रेप के विरोध में मर्डर किया था
लखनऊ के मोहनलालगंज में महिला और उसके नेत्रहीन बेटे की हत्या के आरोपी किशन रावत से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और वह पकड़ा गया। बदमाश की गोली से सिपाही अमित सिंह भी घायल हुआ।

लखनऊ के मोहनलालगंज में सिसेंडी पुलिस चौकी से चंद कदम दूर महिला और उसके नेत्रहीन बेटे की हत्या करने वाले बदमाश से पुलिस की बुधवार रात करीब पौने 11 बजे हुलासखेड़ा में मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने बायें पैर में गोली मारी। पुलिस की गोली से वह मौके पर गिर पड़ा। वहीं, बदमाश की गोली से सिपाही अमित सिंह भी घायल हो गया। घायल बदमाश महिला के मोहल्ले का ही रहने वाला किशन रावत है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी निपुण अग्रवाल ने बताया कि सोमवार रात इंस्पेक्टर मोहनलालगंज ब्रजेश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी सिसेंडी अनूप सिंह पुलिस बल के साथ हत्यारोपी की तलाश में दबिश दे रहे थे। इस बीच हुलासखेड़ा ईंट भट्ठे के पास संदिग्ध को पुलिस टीम ने पैदल जाते देखा। पुलिस ने रोकने की कोशिश की इस पर वह भागने लगा। पुलिस टीम ने दौड़ाया तो उसने पेड़ की ओट लेकर फायरिंग शुरू कर दी।
मर्डर के आरोपी का हाफ एनकाउंटर
पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के बायें पैर में गोली लगी और वह गिर गया। वहीं, बदमाश की फायरिंग से सिपाही अमित सिंह के दाहिने पैर में पंजे के पास गोली लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश को पकड़ लिया। पूछताछ में बदमाश की शिनाख्त किशन रावत के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि उसने ही मां-बेटे की सोमवार को हत्या की थी। एसीपी विकास कुमार पांडेय ने बताया कि हत्याकांड में आरोपी किशन के खिलाफ दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी गई है। चूंकि उसने दुष्कर्म के प्रयास की बात कही है।
महिला और नेत्रहीन बेटे की हत्या
एसीपी विकास कुमार पांडेय के मुताबिक पूछताछ में किशन रावत ने बताया कि महिला की पान-मसाले की दुकान है। उसे 160 रुपये उधारी के महिला को देने थे। सोमवार की शाम वह महिला के घर रुपये देने पहुंचा था। उसका नेत्रहीन बेटा था। उसने यह कहकर भगा दिया कि जब मां आए तब आना। कुछ देर बाद महिला पहुंची तो वह भी पहुंच गया। बेटे ने आवाज सुनी और गाली दे दी। किशन ने नेत्रहीन को लात मार दी। वह हौद में गिरा फिर उसका गला घोंटकर मार दिया। मां हाथापाई करने लगे। उसे धक्का देकर गिराया और लात मार दी। दुष्कर्म के विरोध पर उसका भी गला घोट दिया।
घर में मिली थी मां-बेटे की लाश
अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली बसंथ कुमार के मुताबिक सोमवार रात महिला और उसके बेटे के अर्धनग्न शव घर के अंदर मिले थे। दोनों की गला घोंटकर हत्या की गई थी। बेटे का शव हौद में पड़ा था और महिला का चारपाई के पास रजाई से लिपटा। फोन न रिसीव होने पर आशियाना औरंगाबाद के रहने वाले उसके बहनोई ने एक रिश्तेदार को घर भेजा था। रिश्तेदार ने पहुंचकर घटना जानकारी दी थी।
सीसीटीवी में दिखा था किशन
इसके बाद घटना के खुलासे के लिए पांच टीमें गठित की गई थी। सीसीटीवी फुटेज में किशन वारदात के बाद जाते दिखा। गौरा गांव में भी ऐसी ही घटना सामने आई थी। यहां रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी व 5 वर्षीय उसके भाई की जंगल में दुष्कर्म के प्रयास के बाद हत्या कर दी गई थी। बाद में पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर गांव के ही रहने वाले युवक को जेल भेज दिया था। सिसेंडी में घटना के बाद इन गांव में पहले हुई घटनाओं की यादें ताजा हुईं।




साइन इन