यूपी पुलिस ने हाफ एनकाउंटर में पकड़ा 50 हजार का इनामी बदमाश, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली
यूपी के अमेठी में पुलिस ने हॉफ एनकाउंटर कर एक इनामी बदमाश को पकड़ा है। पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई। बताया जा रहा है कि मुसाफिरखाना कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की भोर मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया।

यूपी के अमेठी में पुलिस ने हॉफ एनकाउंटर कर एक इनामी बदमाश को पकड़ा है। पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई। बताया जा रहा है कि मुसाफिरखाना कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की भोर मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार एसएचओ विवेक कुमार सिंह अपनी टीम के साथ बीती रात ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत इसौली रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कबाड़ व्यापारी से रंगदारी वसूलने के मामले में वांछित 50 हजार का इनामी आरोपी इसौली की तरफ आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने जाखा शिवपुर के पास घेराबंदी कर दी। भोर लगभग पौने तीन बजे एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया।
पुलिस को देखकर वह मोटरसाइकिल मोड़कर कच्चे रास्ते से भागने लगा और गिर पड़ा। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। एसएचओ ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान इस्लाम अहमद उर्फ सोनू उर्फ मच्छर (28) निवासी इमामबाड़ा काशीराम कॉलोनी थाना कोतवाली नगर जनपद गोण्डा के रूप में हुई है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
9.28 लाख की रंगदारी वसूलने में इस्लाम था शामिल
पुलिस के अनुसार बीते 10 फरवरी को कोतवाली क्षेत्र में कबाड़ व्यापारी रमन अग्रहरि के अपहरण व 9.28 लाख रुपये की रंगदारी वसूली मामले में इस्लाम अपने साथियों के साथ शामिल था। पूछताछ में इस्लाम ने बताया कि घटना के बाद गिरोह के सदस्य अनुज प्रताप सिंह ने सभी साथियों में पैसे बांटे थे। उसको 60 हजार रुपये मिले थे और बाकी एक लाख रुपये लेने के लिए वह फिर क्षेत्र में आया था।
कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी इस्लाम के खिलाफ कई जिलों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि इस्लाम पर यूपी के बस्ती, गोण्डा और अमेठी जिलों में डकैती, लूट, गैंगेस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।




साइन इन