groom was about to marry for the third time but before marriage first wife sent him to lockup तीसरी शादी करने जा रहा था दूल्हा, फेरों से पहले पहली पत्नी ने पहुंचाया हवालात, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

तीसरी शादी करने जा रहा था दूल्हा, फेरों से पहले पहली पत्नी ने पहुंचाया हवालात

बुलंदशहर में तीसरी युवती से शादी करने पहुंचा युवक हवालात पहुंच गया। पहली पत्नी ने फेरे रुकवाते हुए जमकर हंगामा किया। वहीं महिला को देख घराती-बाराती दंग रह गए। पुलिस युवक को थाने ले गई।

Tue, 10 Feb 2026 05:47 AMPawan Kumar Sharma हिन्दुस्तान संवाद, बुलंदशहर
share
तीसरी शादी करने जा रहा था दूल्हा, फेरों से पहले पहली पत्नी ने पहुंचाया हवालात

यूपी के बुलंदशहर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां जवां थाना क्षेत्र के गांव सुनाना में तीसरी युवती से शादी करने पहुंचा युवक हवालात पहुंच गया। पहली पत्नी ने फेरे रुकवाकर बखेड़ा खड़ा कर दिया। युवती को देख घराती-बाराती दंग रह गए। पुलिस युवक को थाने ले गई। दोनों पक्षों के संभ्रात लोग भी थाने पहुंच गए। जहां काफी देर चली वार्ता के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। तब जाकर युवक की शादी संपन्न हो सकी।

जिला के अनूपशहर थाना क्षेत्र के गांव मलिकपुर निवासी मोहित का रिश्ता जवां के गांव सुनाना की रहने वाली युवती से तय हुआ था। दोनों पक्षों की सहमति से रविवार को शादी होनी थी। रविवार शाम को गांव में मोहित बारात लेकर पहुंच गया। बारात चढ़त के बाद जयमाला की रस्म भी हो गई। सोमवार की तड़के करीब चार बजे फेरों की तैयारी चल रही थी। इस दौरान सुधा निवासी ऊंटगेर थाना हरदुआगंज वहां पहुंच गई और हंगामा करने लगी। उसका आरोप है कि साल 2019 उसकी शादी मोहित के साथ हो चुकी है। दोनों अलग रह रहे हैं, लेकिन मामला कोर्ट में चल रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पबजी गेम की लत ने ली युवक की जान, देर रात खेलते समय फटी दिमाग की नस; मौत

सुधा ने आरोप लगाया कि शिकारपुर क्षेत्र की एक अन्य युवती से भी कोर्ट मैरिज की हुई है, उसे भी घर के बाहर रखा हुआ है। यह देख घराती और बाराती दंग रह गए। रात भर हंगामा चलता रहा। युवती के भाई और परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बात न बनने पर पुलिस मोहित को थाने लेकर आ गई। इस पर दोनों पक्षों के लोग थाने पहंुच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच हुई वार्ता में समझौता हो गया। इसके बाद पुलिस ने मोहित को थाने से छोड़ दिया। तब जाकर शादी संपन्न हो सकी।

इस मामले में थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि दूल्हे की पहली पत्नी और उसके परिवार ने शिकायत की थी। दूल्हे को थाने लाया गया था। किसी पक्ष ने लिखित में शिकायत नहीं की। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह हो गई। इसके बाद दूल्हे को छोड़ दिया।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।