बैखोफ बदमाशों का कारनामा, NRI इंजीनियर की मां की हत्या कर लूटे 23 लाख
कानपुर में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर NRI इंजीनियर की मां की हत्या कर 23 लाख की लूट को अंजाम दिया। उस दौरान बुजुर्ग पति बाजार से खरीदारी करने गए थे। वापस लौटने पर कमरे का नजारा देख उनके होश उड़ गए।

यूपी के कानपुर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर वृद्धा की हत्या कर 23 लाख की लूट को अंजाम दिया। उस दौरान बुजुर्ग पति बाजार से खरीदारी करने गए थे। वापस लौटने पर कमरे का नजारा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस और फोन पर बेटों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। देर रात तक पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही।
रामबाग में रहने वाले सुनील कृष्ण मिश्रा हरसहाय जगदंबा इंटर कॉलेज में केमिस्ट्री के हेड ऑफ डिपार्टमेंट के पद से रिटायर हो चुके हैं। साथ में 71 साल की पत्नी प्रेमलता रहती थीं। वह पैरालिसिस से पीड़ित थीं। उनके दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा पुत्र प्रवीन लखनऊ में आईआईटी की कोचिंग पढ़ाता है, जबकि छोटा रवि ब्रिटेन में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। सुनील ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह कुछ सामान खरीदने बाजार गए थे। दो घंटे बाद घर लौटे तो पत्नी का शव अस्त-व्यस्त हालत में बेड पर पड़ा हुआ था। अलमारियों के ताले टूटे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। यह देख वह बदहवास हो गए। खुद को संभालते हुए बजरिया पुलिस और रिश्तेदारों को सूचना दी।
उधर, इस मामले की सूचना मिलने पर एडीसीपी सेंट्रल राजेश कुमार, एसीपी अनवरगंज डॉ. अभिषेक राहुल फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की। सुनील कृष्ण ने बताया कि अलमारी खुली हुई थी। बदमाश तीन लाख रुपये कैश और 20 लाख के सोने-चांदी के जेवरात ले गए हैं। इस मामले में एडीसीपी राजेश पांडेय ने बताया कि घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मृतका के शरीर पर कोई जाहिरा चोट या विरोध के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।




साइन इन