लखनऊ से बहराइच-गोंडा जाने वालों के लिए गुड न्यूज, 101 KM फोरलेन के लिए 6969 करोड़ मंजूर
लखनऊ से बहराइच-गोंडा समेत इस रूट के कई अन्य जिलों के वालों के लिए गुड न्यूज है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में मौजूदा 101.5 किमी लंबे इस टू लेन के इस हाईवे को फोर लेन किए जाने के लिए 6969.04 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दे दी गई।

UP News: लखनऊ से बहराइच, गोंडा, बलरामपुर और श्रावस्ती जाने वालों के लिए अच्छी खबर है। बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर अब वाहनों की रफ्तार बढ़ेगी। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में मौजूदा 101.5 किमी लंबे इस टू लेन के इस हाईवे को फोर लेन किए जाने के लिए 6969.04 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दे दी गई। फोन लेन होने पर 100 की स्पीड से वाहन दौड़ेंगे, जिससे लखनऊ से बहराइच जाने में मात्र डेढ़ घंटे का समय लगेगा। अभी ढाई से तीन घंटे लगते हैं। लखनऊ में हाईवे की कनेक्टिविटी किसान पथ से होगी।
लखनऊ के सांसद और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के विशेष प्रयास से वित्तीय मंजूरी मिली है। फोर लेन का निर्माण कार्य अक्तूबर 26 से शुरू कर दिया जाएगा, जिसके दो साल में पूरा होने की संभावना है। फोर लेन हाईवे निर्माण के लिए एनएचएआई के डीपीआर पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय (मार्थ) की सहमति के बाद दिसंबर 2025 में एजप्रेजल कमेटी ने धनराशि स्वीकृत कराने के लिए नवंबर 2025 में डीपीआर केंद्रीय कैबिनेट के पास भेजा था। बुधवार को इस पर केंद्रीय कैबिनेट ने स्वीकृति दे दी। एनएचआई के अनुसार हाईवे पर निर्बाध गति से ट्रैफिक चले इसके लिए 35 छोटे और बड़े पुल बनाए जाएंगे। 27 अंडर पास भी होंगे। आसपास के शहरों, कस्बों और ग्रामीण इलाकों के लोगों को आवाजाही में दिक्कत न हो, इसके लिए दोनों तरफ 07-07 मीटर चौड़ा सर्विस लेन बनाया जाएगा।
परियोजना पूरी होने पर भारत और नेपाल के बीच सीमा पार व्यापार और पारगमन असान हो जाएगा। रूपाईडीहा लैंड पोर्ट तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा। बहराइच और श्रावस्ती जैसे दूरस्थ जिलों को भी जोड़ेगा। कृषि व्यापार, पर्यटन, सीमा पार वाणिज्य और क्षेत्रीय निवेश को प्रोत्साहित करेगा। आवाजाही में लखनऊ, बाराबंकी, जरवल, कैसरगंज, कुंदसर, फरक्कापुर और बहराइच के लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा। एनएचएआई के अनुसार आने वाले कुछ महीनों में निर्माण के लिए एजेंसी को फाइनल करते हुए निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। दिल्ली मुख्यालय से इस दिशा में दिशा-निर्देश जारी किया जाएगा।
आठ पुल बड़े बनाए जाएंगे-
बाराबंकी-बहराइच फोर लेन हाईवे पर बनाए जाने वाले 35 बड़े पुलों में आठ पुल बड़े होंगे, जो कि 60 मीटर से अधिक लंबे होंगे। शेष 27 पुल इससे छोटे बनाए जाएंगे। दो रेलवे ओवरब्रिज भी बनाए जाएंगे।
एटीएमएस से युक्त होगा, दो रेस्ट एरिया बनेंगे-
बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर दो से तीन स्थानों पर ऑटोमैटिक टोल प्लाजा बनेगा। पूरा हाईवे ऑटोमैटिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिग्नल (एटीएमएस )युक्त होगा। दोनों तरफ 50-50 कैमरे लगाए जाएंगे। सभी कैमरे एक कंट्रोल रूम से जुड़े होंगे, ताकि कोई हादसा होने या बाधा आने पर त्वरित सहायता पहुंच सके। डिस्प्ले बोर्ड के जरिए यात्रियों को दिशा-निर्देश दिया जाता रहेगा। एनएचएआई के अनुसार हाईवे पर दो रेस्ट एरिया बनाए जाएंगे, जहां पेट्रोल पंप, रेस्टोरेंट, मेडिकल शॉप आदि की सुविधा होगी।




साइन इन