क्योटो जाकर समझो कि काशी उसके जैसा क्यों नहीं बना, सीएम योगी के जापान दौरे पर अखिलेश का तंज
सीएम योगी जापान दौरे को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कस दिया। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव ने लिखा, यूपी के सीएम को अपने आने वाले जापान दौरे में क्योटो ज़रूर जाना चाहिए।

सीएम योगी 22 फरवरी को विदेश दौरे पर जाएंगे। सिंगापुर-जापान दौरे के दौरान सीएम योगी यूपी में होने वाले निवेश की तलाश करेंगे। सीएम योगी जापान दौरे को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कस दिया। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव ने लिखा, यूपी के सीएम को अपने आने वाले जापान दौरे में क्योटो ज़रूर जाना चाहिए और समझना चाहिए कि सरकार वाराणसी को उसी तरह से क्यों नहीं डेवलप कर पाई। अखिलेश यादव ने लिखा, अगर आप जापान जा रहे हैं, तो क्योटो भी ज़रूर घूमें, ताकि आप समझ सकें कि काशी का प्रधान-संसदीय क्षेत्र क्योटो जैसा क्यों नहीं बन सका, या इसकी विरासत कैसे खराब हुई। जापान से विरासत को बचाने और शहरों को आगे बढ़ाने के बारे में अच्छी सीख लेकर लौटें।
यादव यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे लिखा, सीएम योगी अपने मौजूदा कार्यकाल के आखिरी साल में मनसुख-टूरिज्म कर रहे हैं। उन्होंने कहा, वैसे भी, अब जब वे अपने कार्यकाल के आखिरी साल में हैं, अपने आखिरी साल में हैं-तो कौन कह सकता है कि हम जापान की ठीक से स्टडी भी कर पाएंगे, कोई असली प्लान बनाना तो दूर की बात है। यह मुख्यमंत्री का मनसुख-टूरिज्म है। अगर वे इसे मान लेते हैं, तो कम से कम लोग उन्हें जाने से पहले एक सच बोलने के लिए याद रखेंगे। क्या वे वनस्पति की स्पेशल स्टडी का सिर्फ पर्सनल फायदा उठाएंगे, या वे इसे अपने करीबियों के साथ भी शेयर करेंगे?
22 से 27 फरवरी तक जापान और सिंगापुर दौरे पर रहेंगे सीएम योगी
सीएम योगी 22 फरवरी से 27 फरवरी तक जापान और सिंगापुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान सीएम योगी जापान की अत्याधुनिक मैग्लेव (मैग्नेटिक लेविटेशन) ट्रेन, जो चुंबकीय शक्ति के सहारे पटरी से ऊपर हवा में चलने वाली हाईस्पीड ट्रेन में 100 किलोमीटर की परीक्षण यात्रा करेंगे, जिसमें 50 किलोमीटर जाना और 50 किलोमीटर की वापसी होगी। मैग्लेव ट्रेन को आधुनिक परिवहन का भविष्य माना जा रहा है। चुंबकीय तकनीक के कारण ट्रेन और ट्रैक के बीच प्रत्यक्ष संपर्क समाप्त हो जाता है, जिससे घर्षण लगभग शून्य हो जाता है। यही कारण है कि यह ट्रेन 600 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की गति हासिल करने में सक्षम है। जापान टोक्यो से नागोया के बीच मैग्लेव कॉरिडोर को वर्ष 2027 तक शुरू करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है, जिसके बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा समय आधे से भी कम रह जाएगा।
सुरेश खन्ना और नंदी भी जाएंगे जापान और सिंगापुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना व औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी भी सिंगापुर व जापान जाएंगे। प्रदेश के औद्योगिक विकास को और गति देने के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दोनों मंत्री व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी निवेशकों के साथ यूपी की बदली छवि व उद्यमियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री 23 व 24 फरवरी को सिंगापुर तथा 24, 25 व 26 फरवरी को जापान में उद्योगपतियों के साथ बैठकें करेंगे। इन यात्राओं में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, सचिव मुख्यमंत्री अमित सिंह व ओसडी मुख्यमंत्री आरबीएस रावत के अलावा औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार, प्रमुख सचिव श्रम डा.एमके शन्मुगा सुन्दरम, प्रमुख सचिव पर्यटन अमृत अभिजात, इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरन आनन्द, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह व यूपीनेडा के निदेशक इन्द्रजीत सिंह भी शामिल रहेंगे।




साइन इन