संत प्रेमानंद के शिष्यों पर दुर्व्यवहार का आरोप, युवतियों ने अनिरुद्धाचार्य के सामने जताई नाराजगी
संत प्रेमानंद महाराज के शिष्यों पर युवतियों से दुर्व्यवहार का आरोप लगा है। आरोप है कि रातभर लाइन में लगने के बावजूद शिष्यों ने उन्हें टोकन देने से मना कर दिया और अपमानजनक व्यवहार किया।

मथुरा के वृंदावन स्थित गौरी गोपाल आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्यों पर युवतियों के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगा है। यह मामला कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के कार्यक्रम के दौरान सामने आया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जानकारी के अनुसार, तीन युवतियां प्रेमानंद महाराज की एकांतिक वार्ता में शामिल होने के लिए रात एक बजे से लाइन में लगी थीं। उन्होंने आश्रम की सभी प्रक्रिया पूरी की, लेकिन शिष्यों ने उनसे पूछा कि क्या वह पहले भी यहां आ चुकी हैं। युवतियों ने बताया कि वे जुलाई 2024 में यहां आई थीं, जिसके बाद शिष्यों ने उन्हें टोकन देने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि जो लोग पहले आ चुके हैं, उन्हें दोबारा टोकन नहीं मिलेगा।
आरोप लगाया कि शिष्यों का व्यवहार अशिष्ट था। युवतियों ने कहा कि दर्शन देना या न देना आश्रम का अधिकार है, लेकिन बोलने का तरीका अनुचित था। वहीं, अनिरुद्धाचार्य ने युवतियों के सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संभवतः जो पहली बार आए हैं, उन्हें दर्शन का अवसर देने के लिए यह नियम बनाया गया होगा। उन्होंने प्रेमानंद महाराज या उनके आश्रम की व्यवस्था पर कोई टिप्पणी करने से परहेज़ किया।
प्रेमानंद के अच्छे स्वास्थ्य के लिए मुस्लिम समुदाय ने की थी दुआ
बता दें कि हाल ही में प्रेमानंद महाराज की तबीयत खराब हो गई थी। जिसे लेकर हिंदू समुदाय के साथ मुस्लिम समुदाय ने उनकी स्वास्थ्य को लेकर दुआ की। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रेमानंद महाराज के चित्र को हाथों में लेकर दरगाह साबिर पाक में चादर व फूल पेश कर लंबी आयु और उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ मांगी थी। वहीं, प्रयागराज के एक युवक ने मदीना से उनके लिए दुआ पढ़ी थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।




साइन इन