पुरानी रंजिश में दो पक्षों में मारपीट, तीन घायल
Ghazipur News - सैदपुर के पिपनार गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो पट्टीदारों के बीच मारपीट हुई। बीच-बचाव करने आए तीन भाई भी हमलावरों के निशाने पर आए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सैदपुर, हिन्दुस्तान संवाद। थाना क्षेत्र के पिपनार गांव में शनिवार को पुरानी रंजिश के चलते दो पट्टीदारों के बीच मारपीट हो गई। विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे तीसरे पक्ष के लोगों को भी मनबढ़ों ने निशाना बना लिया और लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी, जिसमें तीनों सगे भाई घायल हो गए। तीनों को सीएचसी में भर्ती किया गया है। गांव निवासी आदर्श यादव को उसके ही पट्टीदार किसी पुराने विवाद को लेकर मार रहे थे। शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचे सूबेदार यादव के पुत्र 25 वर्षीय अजय यादव, 28 वर्षीय संजीत यादव और 32 वर्षीय अजीत यादव ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला बोल दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने तीनों भाइयों को घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। मारपीट में अजीत यादव और संजीत यादव के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वे लहूलुहान हो गए, जबकि अजय यादव के हाथ में गंभीर चोट बताई जा रही है। घटना के बाद घायल अवस्था में सभी लोग थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। घटना के बाद तनाव का माहौल बन गया। इस बाबत कोतवाल राजेश त्रिपाठी ने कहा की तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन