तपती धूप और लू से जनजीवन बेहाल
Ghazipur News - गाजीपुर में भीषण गर्मी और लू ने जनजीवन को प्रभावित किया है। तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है और लोग जरूरी कामों के लिए ही घर से बाहर निकल रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती और पानी की कमी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

गाजीपुर। जनपद इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आता है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। तापमान लगातार 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है, जबकि गर्म हवा ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। लू के कारण रविवार दोपहर में भी बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। सुबह होते ही तेज धूप का असर दिखने लगता है और दोपहर तक हालात बेहद कठिन हो जाते हैं। बाजारों में भीड़ कम हो गई है और दुकानदार भी गर्मी से परेशान नजर आ रहे हैं।
ग्रामीण इलाकों में स्थिति और गंभीर है, जहां बिजली कटौती और पानी की कमी ने लोगों की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं। चिकित्सकों का कहना है कि लू से बचाव के लिए लोग बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन की ओर से भी लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन राहत के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। आमजन अब बारिश का इंतजार कर रहे हैं, ताकि इस भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन