बंद मकान में सिलेंडर फटा; धमाके से टीनशेड उड़ी, दूर तक गिरे टुकड़े, पड़ोसी के घरों में आई दरारें
मेरठ में शुक्रवार दोपहर एक बंद मकान में जोरदार धमाका हो गया। मकान के अंदर रखा सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना भीषण था कि पत्थर लगी टीनशेड फटकर उड़ गई और उसके टुकड़े आसपास के मकानों की छतों पर जा गिरे।

यूपी के मेरठ में शुक्रवार दोपहर एक बंद मकान में जोरदार धमाका हो गया। मकान के अंदर रखा सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना भीषण था कि पत्थर लगी टीनशेड फटकर उड़ गई और उसके टुकड़े आसपास के मकानों की छतों पर जा गिरे। धमाका इतनी तेज था कि छतों पर धूप का आनंद ले रहे लोग भी सहम गए। गनीमत रही कि घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मोहकमपुर निवासी मोहित पुत्र तिलक राम अपनी मां कुसुम देवी के साथ रहते हैं। मोहित ईएम स्पोर्ट्स फैक्ट्री में काम करता है, जबकि उसकी मां टॉप फैक्ट्री में नौकरी करती हैं। पिता तिलक राम मजदूरी करते हैं।
शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे परिवार के सभी सदस्य ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान घर में रखे दो गैस सिलेंडरों में से एक में जोरदार विस्फोट हो गया, जबकि दूसरा सिलेंडर दबकर मुड़ गया। धमाके की आवाज सुनकर मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों ने तुरंत फोन कर मोहित और उसके परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही मोहित अपने माता-पिता के साथ मौके पर पहुंचा। घटना की सूचना पर टीपी नगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला। सिलेंडर फटने से आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। पड़ोसी बालवीर की पत्नी इंद्रेश ने बताया कि उनके मकान की दीवार में दरारें आ गई हैं।
वहीं विशाल के मकान में भी दरारें पड़ गईं। सुमित उस समय अपने परिवार के साथ छत पर बैठकर खाना खा रहा था, धमाके की तेज आवाज से पूरा परिवार सहम गया। मोहित ने बताया कि एक सिलेंडर में पहले से गैस लीकेज हो रही थी, जिसे उसने ऊपर-नीचे से बंद कर रखा था। इस संबंध में उसने भारत गैस एजेंसी में शिकायत भी दर्ज कराई थी, जहां से शाम तक सिलेंडर बदलने का आश्वासन दिया गया था। इससे पहले ही यह हादसा हो गया। मोहित के अनुसार विस्फोट से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।




साइन इन