student broke windowpane and cut her wrist other students screamed horror upon seeing blood classroom in rampur खिड़की का शीशा तोड़कर छात्रा ने काटी हाथ की नस, क्लासरूम में खून देखकर चीख पड़ीं छात्राएं, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

खिड़की का शीशा तोड़कर छात्रा ने काटी हाथ की नस, क्लासरूम में खून देखकर चीख पड़ीं छात्राएं

रामपुर में नेशनल हाईवे से सटे एक इंटर कॉलेज में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कक्षा दस की एक छात्रा ने क्लासरूम में अचानक खिड़की का शीशा तोड़कर अपने हाथ की नस काट ली।

Fri, 19 Dec 2025 03:01 PMDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, रामपुर
share
खिड़की का शीशा तोड़कर छात्रा ने काटी हाथ की नस, क्लासरूम में खून देखकर चीख पड़ीं छात्राएं

यूपी के रामपुर में नेशनल हाईवे से सटे एक इंटर कॉलेज में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कक्षा दस की एक छात्रा ने क्लासरूम में अचानक खिड़की का शीशा तोड़कर अपने हाथ की नस काट ली। छात्रा का हाथ लहूलुहान होते देख कक्षा में चीख-पुकार मच गई। शिक्षकों और स्टाफ ने आनन-फानन में छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना बिलासपुर क्षेत्र के मुख्य चौराहे से करीब सौ मीटर दूर स्थित एक इंटर कॉलेज की है। कॉलेज में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान की पुत्री है। वह गुरुवार सुबह सामान्य रूप से स्कूल पहुंची थी। उसने मध्यावकाश तक नियमित रूप से कक्षाएं अटेंड कीं। लंच के बाद जैसे ही गणित की कक्षा शुरू होने वाली थी, तभी छात्रा ने अचानक खिड़की पर हाथ मारकर शीशा तोड़ दिया और टूटे कांच के टुकड़े से अपने बाएं हाथ की कलाई पर वार कर लिया।

छात्रा का खून से सना हाथ देखकर अन्य छात्राएं घबरा गईं और शोर मच गया। सूचना मिलते ही कॉलेज स्टाफ मौके पर पहुंचा। होम साइंस की शिक्षिका सहित अन्य कर्मचारियों ने छात्रा को तुरंत नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां इमरजेंसी वार्ड में प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी के चिकित्सक के अनुसार, छात्रा ने कांच के टुकड़े से नस के साथ-साथ हाथ की हड्डी को भी नुकसान पहुंचाया है। इसी कारण बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान छात्रा रोती रही और एक बार बेहोश भी हो गई।

परिजन सदमे में, कारण पर चुप्पी

घटना की सूचना पर छात्रा के चाचा सहित अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बार-बार छात्रा से खुद को घायल करने का कारण जानने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ भी बताने को तैयार नहीं हुई। छात्रा की चुप्पी ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है।

डीआईओएस ने अस्पताल पहुंचकर की पूछताछ

घटना की जानकारी मिलते ही इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य भी सीएचसी पहुंचे और छात्रा को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजने में सहयोग किया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को दे दी गई है। देर शाम डीआईओएस स्वयं जिला अस्पताल पहुंचीं और छात्रा से बातचीत की। प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि वह इस घटना से जिला विद्यालय निरीक्षक को भी अवगत करा रहे हैं। देर शाम फिर उन्होंने फोन पर बताया कि डीआईओएस छात्रा से मिलने जिला अस्पताल पहुंची हैं और छात्रा से बात की है।

डीआईओएस अंजलि अग्रवाल ने बताया, छात्रा के घायल होने की सूचना पर जानकारी के लिए अस्पताल गई थी। वहां उससे पूछताछ की गई। स्वास्थ्य ठीक नहीं होने की वजह से अभी घटना का कारण पता नहीं चल पाया है। स्वास्थ्य ठीक होने पर कारण पता चल पाएगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।