गर्मी में खरबूजा, तरबूज, खीरा-ककड़ी बने सेहत के रक्षक
Gangapar News - भारतगंज, हिन्दुस्तान। गर्मी के तपिश के साथ तापमान 42 डिग्री के पार पहुंचते ही जनजीवन प्रभावित होने लगा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच लोग राहत के
गर्मी के तपिश के साथ तापमान 42 डिग्री के पार पहुंचते ही जनजीवन प्रभावित होने लगा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच लोग राहत के उपाय तलाश रहे हैं। ऐसे में भारतगंज कस्बे के शुक्रवारी बाजार,गोला बाजार, मंगलवारी, गांव राजापुर और मांडा रोड क्षेत्रों में बिक रहे मौसमी फल लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। फलों की दुकानों व ठेलों पर सजे खरबूजा, तरबूज, खीरा और ककड़ी न केवल देखने में आकर्षक लगते हैं, बल्कि गर्मी से राहत देने में भी बेहद कारगर साबित हो रहे हैं। जहां एक ओर अन्य फल महंगे हो गए हैं, वहीं तरबूज 30 रुपये किलो, खरबूजा 40 रुपये किलो, खीरा 20 रुपये किलो व ककड़ी 50 रुपये किलो की दर से आसानी से उपलब्ध हैं, जिससे आम आदमी भी इन्हें अपनी दिनचर्या में शामिल कर पा रहा है।
डा अफसर अली बताते हैं कि इन फलों में करीब 90 प्रतिशत पानी की मात्रा होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने और लू से बचाने में मददगार है। तरबूज में पाया जाने वाला लाइकोपीन त्वचा को धूप के प्रभाव से बचाता है और हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। वहीं, विटामिन ए व सी से भरपूर खरबूजा आंखों की रोशनी बढ़ाने और रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने में सहायक है। खीरा और ककड़ी भी शरीर के तापमान को संतुलित रखने के साथ-साथ पाचन तंत्र को दुरुस्त करते हैं, क्योंकि इनमें फाइबर की अच्छी मात्रा होती है। बढ़ती महंगाई के बीच ये सस्ते और प्राकृतिक ‘कूलर्स’ लोगों को राहत देने के साथ-साथ सेहत का भी ख्याल रख रहे हैं। ऐसे में गर्मी के मौसम में इन फलों को नियमित रूप से आहार में शामिल कर खुद को तरोताजा और बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन