Free judo karate training for girls in Sonbhadra self defense techniques will be taught यूपी के इस जिले में लड़कियों के लिए फ्री जूडो-कराटे की ट्रेनिंग, सिखाए जाएंगे आत्मरक्षा के गुर, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी के इस जिले में लड़कियों के लिए फ्री जूडो-कराटे की ट्रेनिंग, सिखाए जाएंगे आत्मरक्षा के गुर

महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस ने विशेष पहल शुरू की है। मिशन शक्ति अभियान के तहत सोनभद्र चुर्क पुलिस लाइन में बेटियों को फ्री जूडो-कराटे प्रशिक्षण दिया जाएगा। 15 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को आत्मरक्षा के गुर जाएंगे।

Mon, 6 Oct 2025 03:24 PMPawan Kumar Sharma संवाददाता, सोनभद्र
share
यूपी के इस जिले में लड़कियों के लिए फ्री जूडो-कराटे की ट्रेनिंग, सिखाए जाएंगे आत्मरक्षा के गुर

महिलाओं और बेटियों के साथ आए दिन हो रहे अपराधों से निपटने के लिए पुलिस ने इनको जागरूक करने का निर्णय लिया है। इसके तहत यूपी के सोनभद्र जिले के चुर्क पुलिस लाइन में बालिकाओं को जूडो-कराटे का फ्री प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसको लेकर पुलिस विभाग की तरफ से प्रशिक्षक भी नियुक्त कर लिए गए हैं। 15 दिनों तक दो घंटे का प्रशिक्षण उनको दिया जाएगा।

महिलाओं और बालिकाओं को मनचलों से निपटने के लिए उन्हें पुलिस व दूसरे का सहारा न लेना पड़े,इसके लिए उन्हें जूडो-कराटे में प्रशिक्षण देकर दक्ष बनाया जाएगा। आत्मरक्षा के लिए दूसरे गतिविधियों में भी निपुण किया जाएगा। स्कूलों से लेकर महाविद्यालय की छात्राओं में आत्मसुरक्षा की जागरूकता को लेकर पुलिस विभाग एक मुहिम छेड़ेगा। आए दिन बेटियों व महिलाओं से छेड़खानी की शिकायतें आती रहती हैं। छात्राओं को विद्यालय जाते समय मनचलों का सामना करना पड़ता है। समाज के भय व संकोचवश अधिकांश महिलाएं व बेटियां छेड़छाड़ की घटनाओं का जिक्र परिवारजन से भी नहीं करती हैं। इससे पुलिस के पास भी ऐसी शिकायतें नहीं पहुंच पाती हैं।

इन्हीं सब घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने बेटियों को सबल बनाने की कार्ययोजना तैयार की है। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं व बेटियों को पुलिस लाइन में आत्मरक्षा का गुर सिखाया जाएगा। बालिकाओं की संख्या अधिक होने पर उनको सिफ्ट में दो-दो घंटे का 15 दिनों तक जूडो-कराटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पुलिस कर्मी के साथ ही प्रशिक्षक बेटियों को संकट की स्थिति में शोहदों से निपटने का प्रशिक्षण देगी। इसके अलावा महिलाओं व बेटियों को स्वावलंबन की सीख भी दी जाएगी। महिला के लिए चलाई जा रही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पत्थर फेंकने वालों पर फूल नहीं, कानून का डंडा बरसेगा: योगी के मंत्री

खुद की रक्षा करने में बनाया जाएगा सक्षम

पुलिस की तरफ से महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए जूडो-कराटे का प्रशिक्षण देने का उद्देश्य उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें खुद की रक्षा करने में सक्षम बनाना है। यह प्रशिक्षण आत्मरक्षा कौशल सिखाने के साथ-साथ रोजगार में भी काम आए, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

इच्छुक बेटियां क्यूआर कोड से भर सकती हैं जानकारी

जूडो-कराटे का प्रशिक्षण लेने के लिए इच्छुक महिलाओं और बालिकाओं के लिए पुलिस की तरफ एक क्यूआर कोड जारी किया गया है। जिसके माध्यम से बेटियां अपनी सभी जानकरी भर सकती हैं। इसके अलावा क्षेत्राधिकारी यातायात के सीयूजी व प्रतिसार निरीक्षक के सीयूजी नंबर 9454402393 पर भी सीधे संपर्क कर सकती हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कांवड़ियों के तोड़-फोड़ पर चुप्पी, पोस्टर दिखाने पर तोड़ देंगे हाथ-पैर: इमरान

सीओ यातायात डॉ. चारू द्विवेदी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत बेटियों को जूडो-कराटे का प्रशिक्षण पुलिस लाइन में नि:शुल्क दिया जाएगा। इसके माध्यम से बेटियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। इच्छुक बेटियां इसको लेकर पुलिस विभाग से संपर्क कर सकती हैं। 15 दिनों तक उनको प्रशिक्षण देकर इसमें दक्ष बनाया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।