fraudster collected 6 lakh 50 thousand by giving an appointment letter with the fake signature of the DM सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी, जालसाज ने DM के फर्जी साइन वाला नियुक्ति पत्र थमाकर की वसूली, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी, जालसाज ने DM के फर्जी साइन वाला नियुक्ति पत्र थमाकर की वसूली

गोरखपुर के एक युवक को उत्तराखंड में सरकारी नौकरी देने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने डीएम का फर्जी हस्ताक्षर करके वसूली की थी।

Mon, 22 Dec 2025 08:15 AMPawan Kumar Sharma वरिष्ठ संवाददाता, गोरखपुर
share
सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी, जालसाज ने DM के फर्जी साइन वाला नियुक्ति पत्र थमाकर की वसूली

यूपी के गोरखपुर के शाहपुर इलाके के एक युवक को उत्तराखंड में सरकारी नौकरी देने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना सुधीर कुमार मिश्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसने ऊधम सिंह नगर के डीएम का फर्जी हस्ताक्षर करके वसूली की थी। गिरोह में शामिल एक आरोपी खुद को लिपिक बताकर फोन पर लगातार बात करता था, जिससे युवक को भी यकीन हो गया था कि उसकी नौकरी लगने वाली है, लेकिन बाद में सब फर्जी मिला। इसके बाद शाहपुर थाने में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश चल रही थी।

बिछिया के रहने वाले अभिषेक तिवारी ने 2024 में दस लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। अभिषेक के मुताबिक उसके पिता विनोद कुमार से उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर निवासी सुधीर कुमार मिश्र ने जान पहचान की। वह एक शादी में आए थे और फिर वहीं सुधीर से मुलाकात हुई। सुधीर ने उसके पिता से कहा कि आप का बेटा क्या कर रहा है। पिता के यह बताने पर कि वह अभी तैयारी कर रहा है, सुधीर ने कहा कि वह उत्तराखंड में नौकरी दिलवा देगा। वहां उसकी जान पहचान कई लोगों से है। इसके बाद उसने रुपयों की मांग की।

पिता ने विश्वास करके सुधीर, उसकी पत्नी पूनम मिश्रा सहित अन्य के खातों में कई बार में रुपये भेज दिए। इसके बाद डीएम के हस्ताक्षर वाला एक पत्र भेजा गया, जिसमें अभिषेक का नाम प्रतीक्षा सूची में था। कुछ दिन बाद नियुक्ति पत्र भेज दिया गया और फिर रुपयों की मांग की गई। कुल साढ़े छह लाख रुपये लेने के बाद नियुक्त पत्र की कॉपी दी।

ऊधम सिंह नगर जाने पर पता चला कि सब कुछ पूरी तरह फर्जी है। इसके बाद पीड़ित ने केस दर्ज कराया। पुलिस ने केस दर्ज कर सरगना सुधीर को गिरफ्तार कर लिया। एसओ चंद्रभान सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:महाठग की पत्नियों की फिल्मी सितारों के साथ फोटो, सोनू सूद से लेन-देन की पुष्टि

ट्रांसपोर्ट कंपनी में कर्मचारी है सरगना

आरोपी सुधीर एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कर्मचारी है। वह इसी सिलसिले अक्सर अन्य शहरों में जाता रहता है और फिर दोस्ती बढ़ाकर जालसाजी करता है।

पति-पत्नी सहित दस लोग हैं आरोपी

सरगना सुधीर, उसकी पत्नी पूनम के अलावा इस केस में अर्जुन छाबड़ा, चंद्रपाल सिंह, इमरान हुसैन, सादाबनाज, राधारानी, अजय सागर, हरिश प्रजापति, फैजराज खान पर केस दर्ज हुआ था। ये सभी उत्तराखंड के ही रहने वाले हैं। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।