वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का बड़ा मौका, चार दिन एसआईआर के लिए विशेष अभियान
यूपी में मतदाता सूची के एसआईआर के लिए चार दिन का विशेष अभियान चलेगा। इस दौरान लोगों की मदद के लिए हेल्प डेस्क भी बनेगा। लोग ड्राफ्ट सूची देखकर फॉर्म भर सकेंगे। चार में से तीन तारीखें घोषित कर दी गई हैं।

यूपी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को चार दिन विशेष अभियान चलाया जाएगा। 18 जनवरी, 31 जनवरी व एक फरवरी की तिथियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने तय कर दी है और एक तिथि जिला निर्वाचन अधिकारी अपने स्तर पर तय करेंगे। विशेष अभियान में ड्राफ्ट मतदाता सूची बूथों पर उपलब्ध रहेगी और वोटर उसे देखकर फॉर्म भर सकेंगे। हेल्प डेस्क बनाकर मदद की जाएगी।
शुक्रवार को सीईओ नवदीप रिणवा ने सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अंतिम मतदाता सूची को शुद्ध व अपडेट करने को चार अलग-अलग तिथियों पर विशेष अभियान चलाया जाए। पहला विशेष अभियान 18 जनवरी रविवार को चलेगा। दूसरा 31 जनवरी शनिवार को और तीसरा एक फरवरी रविवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा।
चौथे विशेष अभियान की तारीख जिला निर्वाचन अधिकारी अपने-अपने स्तर से तय करेंगे। इन चार दिनों में बूथों पर ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। ड्राफ्ट मतदाता सूची में 12.55 करोड़ मतदाताओं के नाम हैं। जिन 2.89 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से मृत, स्थानांतरित व अनुपस्थित होने के कारण काटे गए हैं, उनकी सूची भी बूथ पर बीएलओ के पास उपलब्ध रहेगी। यहां सभी मतदाता अपना-अपना नाम सूची में देखेंगे। जिनके नाम सूची में नहीं हैं वह फॉर्म-6 भरेंगे।
मतदाता सूची से परिवार के मृत व्यक्ति का नाम कटवाने को फॉर्म-7 भरेंगे और नाम व पते इत्यादि में संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 भरा जाएगा। विशेष अभियान वाले इन चार दिनों में सभी बूथों पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। जहां पर मतदाताओं को फॉर्म भरवाने में मदद की जाएगी। बीते 6 जनवरी से 6 फरवरी तक दावे व आपत्तियों का समय निर्धारित है। ऐसे में इसके बीच यह चार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
सभी बीएलओ के साथ-साथ राजनीतिक दलों के बीएलए भी इस दौरान लोगों की मदद करेंगे। ग्राम प्रधान, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधियों से इस विशेष अभियान को सफल बनाने में मदद ली जाएगी। सभी जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर जांच करेंगे। जिससे विशेष अभियान में कोई गड़बड़ी न मिले।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर लगेगी प्रदर्शनी
25 जनवरी को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रदेश स्तरीय आयोजन किया जाएगा। यहां पर निर्वाचन के बढ़ते कदम थीम पर प्रदर्शनी व स्टॉल लगाए जाएंगे। वहीं सभी सरकारी कार्यालयों व शैक्षणिक संस्थानों में 25 जनवरी को शपथ दिलाई जाएगी। अवकाश की स्थिति में 23 या 24 जनवरी को शपथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मतदाता शपथ ग्रहण कार्यक्रम की फोटो व वीडियो ceoupsection6@gmail.com पर उपलब्ध करानी होगी।




साइन इन