ब्रह्मदत्त द्विवेदी हत्याकांड में उम्रकैद काट रहे पूर्व MLA के समर्थक की मौत, घर पर धमाके में थे घायल
ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या में वाराणसी जेल में आजीवन कारावास काट रहे विजय सिंह के घर 17 मार्च की शाम जोरदार विस्फोट हुआ था। इसमें बेसमेंट की छत ढह गई और पूरा मकान हिल गया था। पूर्व विधायक के बेटे अविनाश, अभिषेक के अलावा समर्थक भइयालाल चौहान, ईशू चौरसिया, रामवीर यादव, रासू मिश्रा घायल हुए थे।

UP News: भाजपा के ताकतवर नेता रहे ब्रह्मदत्त द्विवेदी हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व सपा विधायक विजय सिंह के फर्रुखाबाद स्थित घर पर 17 मार्च को हुए विस्फोट में घायल उनके समर्थक उदयप्रताप सिंह उर्फ भइयालाल चौहान की मंगलवार रात कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। विस्फोट के दौरान वह मलबे में दब गया था और सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। बुधवार शाम कानपुर से शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। पांचालघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पूर्व ऊर्जामंत्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या में वाराणसी जेल में आजीवन कारावास काट रहे विजय सिंह के घर 17 मार्च की शाम 7:30 बजे जोरदार विस्फोट हुआ था। इसमें बेसमेंट की छत ढह गई और पूरा मकान हिल गया था। धमाके में पूर्व विधायक के बेटे अविनाश, अभिषेक के अलावा समर्थक भइयालाल चौहान, ईशू चौरसिया, रामवीर यादव, रासू मिश्रा घायल हुए थे। इनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। दोनों बेटे लखनऊ में भर्ती कराए गए थे। भइयालाल को कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार आधी रात उनकी मौत हो गई। यह खबर जब गांव नूरपुर पहुंची तो कोहराम मच गया। बुधवार शाम करीब पांच बजे शव घर पहुंचा तो पत्नी, बेटे और भाई बिलख पड़े। इस मामले में भइयालाल समेत छह लोगों पर विस्फोटक अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस की देखरेख में घायलों का इलाज चल रहा है।
क्या हुआ था पूर्व विधायक के घर
ब्रह्दत्त द्विवेदी की हत्या में वाराणसी की जेल में उम्रकैद काट रहे पूर्व विधायक विजय सिंह के घर पर 17 मार्च की शाम 7:30 बजे भीषण विस्फोट हुआ था। धमाका इतना भयंकर था कि बेसमेंट की छत उड़ गई। विजय सिंह के दो बेटों समेत पांच लोग घायल हो गए थे। नाला मछरट्टा स्थित विजय सिंह के घर के ड्राइंग रूम में उस वक्त पारिवारिक सदस्य और समर्थक मौजूद थे। तभी अचानक एक तेज धमाका हुआ। विस्फोट में पूर्व विधायक के पुत्र अविनाश उर्फ विक्की, अभिषेक उर्फ सिक्की, समर्थक नूरपुर के पूर्व प्रधान भइयालाल चौहान, मित्तूकूंचा निवासी रासू और नाला मछरट्टा निवासी ईशू घायल हो गए। गंभीर घायल भइयालाल को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया था।
एक किमी तक सुनाई दी थी धमाके की आवाज
पूर्व ऊर्जा मंत्री ब्रह्मदत्त द्विवेदी हत्याकांड में आजीवन सजा काट रहे पूर्व विधायक विजय सिंह के फर्रुखाबाद के नाला मछरट्टा स्थित निवास पर जिस तरीके से तेज धमाका हुआ। उसकी आवाज एक किलोमीटर एरिया में सुनाई पड़ी। धमाका इतना तेज था कि चार मंजिला भवन की खिड़कियों के शीशे टूट गये और बेसमेंट की छत भी उड़ गई। आस पास के लोग समझ भी नहीं पाये कि आखिरकार यह धमाका कैसे हुआ। इधर उधर जानने को लोग दौड़ पड़े। बाद में पूरी स्थिति की जानकारी लोगों को हो सकी।




साइन इन