जेल में बंद पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर को मिली जान से मारने की धमकी, पत्थर में लपेट कर फेंका गया लेटर
धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को देवरिया जेल में जान से मारने की धमकी मिली है।

धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को देवरिया जेल में जान से मारने की धमकी मिली है। शुक्रवार को हाईसिक्यूरिटी बैरक के बाहर कंप्यूटर से टाइप किया गया धमकी भरा पत्र अमिताभ ठाकुर को मिला। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी जेल अधीक्षक को दी। जिसके बाद जेल अधीक्षक ने डीएम, एसपी समेत अन्य अधिकारियों को जानकारी देते हुए जांच शुरू करा दी है। पूर्व आईपीएस अधिकारी के अधिवक्ता प्रवीन द्विवेदी ने भी अधिकारियों को इसकी जानकारी दी है।
लखनऊ के गोमतीनगर के विराम खंड निवासी अमिताभ ठाकुर ने 1999 में देवरिया में एसपी रहने के दौरान पत्नी नूतन के नाम से औद्योगिक क्षेत्र में प्लाट खरीदा था। प्लाट खरीदने के दौरान नूतन ठाकुर की जगह नूतन देवी व पति का नाम अमिताभ ठाकुर की जगह अभिजात लिखा गया। सितंबर 2025 में इस मामले में लखनऊ के ताल कटोरा थाने में केस दर्ज हुआ था। इसी मामले में 10 दिसंबर को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूर्व आईपीएस अधिकारी के अधिवक्ता प्रवीन द्विवेदी शुक्रवार को उनसे मिलने के लिए जेल गए। अधिवक्ता ने बताया कि अमिताभ ठाकुर जेल में काफी भयभीत हैं। उन्हें जेल में काफी खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने जानकारी दिया कि उनके हाईसिक्यूरिटी बैरक के बाहर कंप्यूटर से टाइप पेपर पर अपशब्दों के साथ ही जान से मार देंगे....की धमकी भरा पत्र पत्थर की टुकड़े में लपेट कर फेंका गया था। जिसकी जानकारी उन्होंने तत्काल जेल अधीक्षक को दी। जिसके बाद जांच प्रक्रिया शुरू हो गई है।
आज होनी है जमानत पर सुनवाई
सीजेएम न्यायालय से जमानत याचिका खारिज होने के बाद जिला जज के यहां पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की जमानत अर्जी दाखिल की गई है। जिस पर शनिवार को सुनवाई होनी है। वहीं उनकी पत्नी नूतन ठाकुर के अग्रिम जमानत पर भी 17 जनवरी को ही सुनवाई होनी है। देवरिया जेल अधीक्षक प्रेम सागर शुक्ल का कहना है कि जान से मारने की धमकी भरा एक पेपर बैरक के पास मिलने की जानकारी बंदी अमिताभ ठाकुर ने दी है। शिकायत मिलने के बाद उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है जल्द ही इसकी सच्चाई सामने आ जाएगी।




साइन इन