पहले BLO की मौत, अब आंगनबाड़ी कार्यकत्री बेहोश; SIR फार्म जमा के दौरान महिला की बिगड़ी तबीयत
यूपी में एसआईआर कार्य के दबाव ने एक बार फिर स्वास्थ्य की चिंता बढ़ा दी है। बरेली में बीएलओ की मौत के बाद अब रहीमाबाद में आंगनबाड़ी कार्यकत्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। महिला बेहोश होकर गिर पड़ी।

यूपी में एसआईआर के दबाव में कई बीएलओ की तबीयत बिगड़ गई है। बरेली में एक बीएलओ की जान चली गई। वहीं, लखनऊ में काम के प्रेशर के चलते आंगनबाड़ी कार्यकत्री की तबीयत बिगड़ गई और वह अचानक बेहोश हो गई। इससे एसआईआर फॉर्म जमा करने आए ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जानकारी पर पहुंचे ग्राम प्रधान ने नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने बढ़े बीपी के कारण बेहोशी की बात बताई है।
ये मामला रहीमाबाद इलाके के कहला गांव का है। जहां बुधवार दोपहर एसआईआर का कार्य करते हुए फार्म जमा कर रही गांव की ही रहने वाली बीएलओ रेशमा सिद्दीकी अचानक बेहोश हो गईं। ग्रामीणों के मुताबिक रेशमा एसआईआर फॉर्म भरने के साथ साथ लोगों के भरे हुए फॉर्म पर हस्ताक्षर कर जमा कर रही थीं। उसी दौरान वह अचानक ज़मीन पर गिर पड़ी। लगभग पंद्रह मिनट के बाद रेशमा को होश आया।
पति नियाज़ अहमद ने बताया काम को लेकर काफी प्रेशर है। बीते 15 नवंबर को सरावां गांव के ही रहने वाले बीएलओ विजय कुमार वर्मा का कार्य करते हुए अचानक गिर पड़े थे। डॉक्टरों ने ब्रेन हेमरेज होना बताया था। लगभग एक सप्ताह इलाज के बाद मौत हो गई थी। इस संबंध में 3 बजकर 45 मिनट पर एसडीएम मलिहाबाद अंकित कुमार से जानकारी लेने के लिए सीयूजी नंबर पर संपर्क किया गया। लेकिन बात नहीं हो पाई। ग्रामीणों का कहना है कि एसडीएम का सरकारी फोन अक्सर नहीं उठता है।
बदायूं में भी बीएलओ की बिगड़ी तबीयत
बदायूं के सैदपुर नगर पंचायत का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी एसआईआर कार्य करते समय अचानक बेहोश हो गया। उसे तुरंत बिसौली सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उच्च उपचार के लिए रेफर कर दिया गया।
बरेली में ड्यूटी के दौरान बीएलओ की हार्ट अटैक से मौत
उधर, बरेली के भोजीपुरा के परदोली गांव में मंगलवार को बीएलओ की ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। प्राथमिक विद्यालय परदोली में तैनात शिक्षक सर्वेश गंगवार को एसआईआर सर्वे के लिए बीएलओ ड्यूटी पर लगाया गया था। बताया जाता है कि सर्वे के दौरान ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, लेकिन मौके पर मौजूद सुपरवाइजर उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय वहां से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने शिक्षक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।




साइन इन