छह साल लिव इन में रहा तीन बच्चों का पिता, अचानक भागा तो जहर खाकर थाने पहुंची युवती
मुरादाबाद में तीन बच्चों का पिता छह साल तक एक युवती को धोखा देता रहा और उसके साथ लिव इन में रहा। शादी का दबाव ज्यादा पड़ने पर अचानक भागा तो युवती भी जहर खाकर थाने पहुंच गई। अस्पताल में युवती की मौत हो गई।

UP News: मुरादाबाद में मझोला थाना क्षेत्र में एफसीआई के चीफ मार्केटिंग इंस्पेक्टर के साथ लिव इन में रह रही युवती सोमवार शाम जहर खाकर थाने पर पहुंच गई। उसने पुलिस को बताया कि लिव इन पार्टनर उसे छोड़कर भाग गया इसलिए जहर खा लिया है। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने सिविल लाइंस के हिमगिरी निवासी आरोपी प्रभात सक्सेना के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पाकबड़ा थाना क्षेत्र के हाईवे से सटे गांव निवासी एक ट्रक चालक की 27 वर्षीय बेटी ने बीए तक की पढ़ाई की थी। बताया जा रहा है कि कुछ साल पहले वह सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के हिमगिरी कालोनी निवासी प्रभात सक्सेना के संपर्क में आ गई। मेरठ में एफसीआई के मार्केटिंग इंस्पेक्टर के पद पर तैनात प्रभात सक्सेना पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं, जो हिमगिरी कालोनी में ही रहते हैं। आरोप है कि इसके बावजूद करीब 45 वर्ष के आरोपी ने युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया। एसपी सिटी ने बताया कि बीते 5-6 साल से प्रभात सक्सेना नया मुरादाबाद सेक्टर 10 में किराये का मकान लेकर वहां युवती के साथ पति की तरह रहने लगा।
इस दौरान जब भी युवती शादी के लिए कहती तो आरोपी टाल-मटोल करता रहता था। बीते छह जून को भी दोनों में विवाद हुआ था, जिसके बाद युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए मझोला थाने में शिकायत की थी। हालांकि उसी दिन आरोपी प्रभात सक्सेना को जब मझोला थाने की महिला हेल्पडेस्क ने बुलाया तो वह लिखित समझौता करके युवती को अपने साथ रखने की बात कहकर ले गया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सोमवार शाम के समय युवती जहर खाकर मझोला थाने पर पहुंच गई। उसने महिला हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों को बताया कि प्रभात सक्सेना उसे अकेला छोड़कर भाग गया है इसलिए उसने जहर खा लिया। युवती के जहर खाने की जानकारी होते ही थाने में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस ने उसे दिल्ली रोड मझोला स्थित साईं अस्पताल में भर्ती कराई, जहां उपचार के दौरान सोमवार रात ही युवती की मौत हो गई।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मामले में युवती के पिता की तहरीर पर आरोपी प्रभात सक्सेना के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी युवती
लिव-इन पार्टनर पर बेवफाई का आरोप लगाकर जहर खाकर थाने पर पहुंची युवती पुलिस के सामने फूटफूट कर रोई। उसने पुलिस को बताया कि प्रभात सक्सेना शादी का झांसा देकर सालों से उसका शारीरिक शोषण करता चला आ रहा है।
युवती की मौत के बाद थाने पर पहुंचे उसके पिता ने पुलिस को बताया कि युवती उसकी पांच संतानों में सबसे बड़ी थी। आरोप लगाया कि प्रभात उसकी बेटी को पत्नी की तरह रख रहा था, लेकिन शादी नहीं की थी। जब भी बेटी शादी के लिए उससे कहती थी तो प्रताड़ित करता था। आरोप लगाया की इसी कारण बेटी ने जहर खाकर जान दी है।




साइन इन