पापा ने मम्मी को मार डाला; ढाई साल के बेटे ने इशारों में पुलिस को बताया, गर्लफ्रेंड के लिए पत्नी की हत्या!
मृतका के मायके वालों के साथ उसका ढाई साल का बेटा देवांश भी कोतवाली आया था। मीडिया कर्मियों के पूछने पर इशारों में उसने बताया कि पापा ने गला दबाकर मां की हत्या कर दी। बेटे ने पुलिस को भी यही बयान दिया है। बताया जा रहा है कि महिला मित्र के लिए पति ने गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी।

कौशांबी जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर टिकरी गांव में बुधवार शाम संदिग्ध दशा में एक गर्भवती की मौत हो गई। मृतका के पिता ने हत्या का आरोप लगाया है। दावा किया है कि दामाद ने महिला मित्र की खातिर उसकी बेटी को मौत की नींद सुलाया है। उसने ससुरालियों पर भी दहेज मांगने का इल्जाम जड़ा है। घटना के बाद से मायके वालों की रो-रोकर हालत खराब है। पुलिस ने मुकदमा कायम कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ढाई साल के बेटे ने इशारों में बताया- पापा ने मम्मी को मार डाला
वहीं इस मामले में मृतका के मायके वालों के साथ उसका ढाई साल का बेटा देवांश भी कोतवाली आया था। मीडिया कर्मियों के पूछने पर इशारों में उसने बताया कि पापा ने गला दबाकर मां की हत्या कर दी। बेटे ने पुलिस को भी यही बयान दिया है। हालांकि, पुलिस की ओर से कहा गया है कि महिला ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है। वैसे, मुकदमा दहेज हत्या का ही लिखा गया है।
महिला से दोस्ताना संबंधों का विरोध करती थी पत्नी
संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मलाक मोहिउद्दीनपुर मजरा महगांव निवासी रामघसीटे ने बताया कि उसने अपनी 26 वर्षीय बेटी रूपा देवी की शादी वर्ष 2021 में गौसपुर टिकरी गांव के अजय कुमार से की थी। पीड़ित के मुताबिक दामाद का शादी के पहले से ही अपनी बुआ की बेटी कविता निवासी नवीपुर थाना कोखराज से दोस्ताना संबंध था। इसकी जानकारी शादी के बाद हुई। बेटी रूपा दोस्ताना संबंधों का विरोध करती थी तो पति अजय व उसकी महिला मित्र कविता मिलकर उसको प्रताड़ित करते थे। पीड़ित पिता का कहना है कि है कि बेटी का पति अजय, ससुर भैरव प्रसाद, पति की बुआ, महिला मित्र कविता तथा कविता का पति संदीप दहेज की मांग भी करते थे। इसके लिए आए दिन बेटी को मारा-पीटा तक जाता था।
महिला मित्र के लिए पत्नी की हत्या
आरोपी पति ने महिला मित्र की खातिर अन्य आरोपियों के साथ मिलकर बुधवार शाम दो माह की गर्भवती बेटी रूपा की हत्या की है। हालांकि, पीड़ित यह नहीं स्पष्ट कर सका कि हत्या किस तरह से की गई। गुरुवार को मायके से दर्जनों लोग कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने तहरीर लेकर मुकदमा कायम कर दिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद से परिवारीजनों के आंसू थामे नहीं थम रहे हैं। जांच में पता चला है कि महिला ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है। मृतका के पिता ने दहेज उत्पीड़न के साथ प्रेम संबंधों की भी बात कही है। उनकी तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा कायम कराकर आरोपियों की तलाश शुरू करा दी गई है।




साइन इन