यूपी के हजारों गांवों की बदलने वाली है तकदीर, वहां रहने वालों को होगा बड़ा लाभ; जानें प्लान
राज्यमंत्री असीम अरुण ने समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि विभागीय स्तर पर किए गए खर्चों का नियमित रूप से ऑडिट कराया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही प्रदेश स्तर पर विशेष ऑडिट टीम गठित की जाए। सभी चयनित गांवों में निवासी प्रत्येक परिवार का जाति औरआय प्रमाण पत्र बनाया जाएगा।

'PM Ajay' scheme: उत्तर प्रदेश के हजारों गांवों की तकदीर बदलने वाली है। वहां रहने वालों को भी बड़ा लाभ होगा। उन्हें सरकार की तमाम योजनाओं का लाभ बड़ी आसानी से मिल जाएगा। मंगलवार को लखनऊ के योजना भवन में समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण की अध्यक्षता में ‘पीएम अजय’ योजना को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत चयनित 12,814 गांवों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाएगा। इस दिशा में समाज कल्याण विभाग में गठित कल्याण नियोजन प्रकोष्ठ इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग करेगा। सभी सरकारी योजनाओं को फैमिली आईडी से जोड़ा जाएगा, जिससे गांवों में निवास करने वाले परिवारों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से सहजता से उपलब्ध हो सके।
बैठक में राज्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विभागीय स्तर पर किए गए खर्चों का नियमित रूप से ऑडिट कराया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही प्रदेश स्तर पर विशेष ऑडिट टीम गठित करने के निर्देश दिए । सभी चयनित गांवों में निवासी प्रत्येक परिवार का जाति औरआय प्रमाण पत्र बनाया जाएगा ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
राज्यमंत्री ने ये भी निर्देश दिए कि संबंधित जनपद के जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठकों की मिनट्स ऑफ मीटिंग समाज कल्याण विभाग को तत्काल भेजी जाएं ताकि कार्यों की प्रगति का आंकलन समय पर हो सके।
समाज कल्याण नियोजन प्रकोष्ठ CM Yuva से समन्वय कर योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध करवाएगा। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को योजनाओं का अधिकतम लाभ पारदर्शी व सुगम ढंग से पहुंचाना है ताकि विकास की गति को गांव-गांव तक पहुंचाया जा सके।




साइन इन