Extreme humidity in UP a severe heat wave alert has been issued until April 25 UP Heatwave Alert: यूपी में आसमान से बरस रही आग, इस दिन तक भीषण लू का अलर्ट, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Heatwave Alert: यूपी में आसमान से बरस रही आग, इस दिन तक भीषण लू का अलर्ट

भीषण गर्मी के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने 25 अप्रैल तक लू चलने के आसार व्यक्त किये हैं।

Thu, 23 April 2026 07:18 PMPawan Kumar Sharma वार्ता, कानपुर
share
UP Heatwave Alert: यूपी में आसमान से बरस रही आग, इस दिन तक भीषण लू का अलर्ट

UP Weather: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने 24 और 25 अप्रैल को लगभग समूचे प्रदेश में लू चलने के आसार व्यक्त किये हैं। हालांकि माह के अंत तक आंधी और बारिश के अनुमान से गर्मी से फौरी राहत मिलने की उम्मीद जतायी गयी है। गर्मी के तल्ख तेवरों के चलते अधिसंख्य जिलों में सुबह 12 से शाम चार बजे तक सड़कों पर सन्नाटा छाने लगा है जिसका प्रतिकूल असर व्यवसायिक गतिविधियों पर पड़ा है।

लखनऊ और कानपुर समेत कई शहरों में स्कूल के समय में परिवर्तन किया गया है। कानपुर के जिलाधिकारी ने सीबीएसई,आईसीएसई और यूपी बोर्ड के सभी स्कूलों का समय सुबह साढ़े सात से दोपहर साढे 12 बजे तक करने के निर्देश दिये हैं। प्रचंड गर्मी के बीच शीतल पेय पदार्थो दही,छाछ,लस्सी,कोल्ड ड्रिंक्स आदि के स्टालों पर ग्राहकों की भरमार है। चिकित्सकों ने गर्मी से बचाव के लिये सुबह 11 से शाम चार बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है और जरुरी वजह से यदि बाहर निकलना हो तो गमछे से सिर ढकने और पर्याप्त मात्रा में पेय पदार्थ का सेवन कर निकलने को कहा है। बासी और तले भुने पदार्थो के सेवन से भी बचने की सलाह दी गयी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP Weather: लखनऊ का पारा 43 डिग्री, हीटवेव से 50 डिग्री तक महसूस हुई गर्मी

इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि प्रदेश के पश्चिमी एवं पूर्वी दोनों उपखंडों में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है तथा अगले कुछ दिनों तक वर्षा की संभावना नहीं है। राजधानी लखनऊ सहित कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, आगरा, मेरठ और गोरखपुर मंडलों में अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

बुंदेलखंड के झांसी और बांदा क्षेत्रों में पारा 44-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि कानपुर, लखनऊ और प्रयागराज में तापमान 42-44 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। पूर्वांचल के जिलों गोरखपुर, आजमगढ़, बलिया और देवरिया में भी अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 23 से 25 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के समय कई स्थानों पर लू चलने तथा रात में गर्मी बढ़ने (उष्ण रात्रि) के आसार हैं, विशेषकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इसका प्रभाव अधिक रहेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP Weather: धूप-गर्मी ने झुलसाया, बांदा-आगरा-प्रयागराज-वाराणसी का पारा 43 के पार

आगामी दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार 26 अप्रैल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना बन रही है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अभी भी मौसम शुष्क रहने के संकेत हैं। 27 से 29 अप्रैल के बीच दोनों उपखंडों में कहीं-कहीं बारिश और तेज हवाओं (30 से 50 किमी प्रति घंटा) के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने 24 और 25 अप्रैल को प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर गर्म रातें रहने की भी संभावना है, जिससे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी भारत में सक्रिय गर्म और शुष्क हवाओं के प्रभाव से तापमान में वृद्धि हो रही है। हालांकि महीने के अंत तक आंधी और हल्की वर्षा से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हीटवेव से झुलस रहा बिहार, उत्तर-पूर्व में आंधी-पानी का येलो अलर्ट; मौसम का हाल
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।