experiencing severe cold weather up 12 cities are shivering due to icy winds but relief expected from 9th January यूपी में भयंकर सर्दी, ठंडी हवाओं से 12 शहरों में कंपकंपी, मौसम विभाग ने बताया कब से मिलेगी राहत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में भयंकर सर्दी, ठंडी हवाओं से 12 शहरों में कंपकंपी, मौसम विभाग ने बताया कब से मिलेगी राहत

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के कई हिस्सों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है, जहां दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

Thu, 8 Jan 2026 10:28 PMDinesh Rathour लखनऊ, प्रमुख संवाददाता
share
यूपी में भयंकर सर्दी, ठंडी हवाओं से 12 शहरों में कंपकंपी, मौसम विभाग ने बताया कब से मिलेगी राहत

यूपी में इन दिनों भयंकर सर्दी पड़ रही है। बर्फीली हवाओं का सितम और गहरा गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के कई हिस्सों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है, जहां दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान 12 शहरों में सर्दी का असर ज्यादा रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर थोड़ी राहत लेकर आ रहा है। शुक्रवार से लोगों को सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 9 जनवरी से दो दिन न्यूनतम और अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।

सोनभद्र का चुर्क इलाका प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 4.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रात की ठंड के मामले में 5 प्रमुख शहर सबसे अधिक प्रभावित रहे, जिनमें चुर्क के साथ गोरखपुर और वाराणसी एयरपोर्ट (दोनों 4.8 डिग्री), सुलतानपुर (5.0 डिग्री) और फुरसतगंज (5.2 डिग्री) शामिल हैं। इसके अलावा अयोध्या में 5.5 और कानपुर शहर में 5.6 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ रातें बेहद सर्द रहीं। दिन की गलन ने लोगों को सबसे ज्यादा बेहाल किया है। धूप न निकलने और घने कोहरे के कारण 6 शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से बहुत नीचे गिर गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लखनऊ, कानपुर, झांसी समेत और छह जिलों में बढ़ी छुट्टियां, कहां-कहां बंद हुए स्कूल

यूपी में प्रयागराज सबसे ठंडा

प्रयागराज में प्रदेश का सबसे ठंडा दिन रहा, जहां पारा 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 10.5 डिग्री कम है। इसी तरह वाराणसी एयरपोर्ट पर दिन का तापमान 11.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 9.5 डिग्री नीचे है। हरदोई (13.5 डिग्री), इटावा व फतेहगढ़ (दोनों 14.0 डिग्री) और गाजीपुर (14.2 डिग्री) में भी दिन भर कड़ाके की गलन महसूस की गई। वाराणसी एयरपोर्ट क्षेत्र में रात का तापमान 4.8 और दिन का 11.6 डिग्री दर्ज किया गया। बहराइच और बाराबंकी जैसे तराई के इलाकों में भी रात का पारा 6.0 डिग्री के आसपास रहा, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है।

वाराणसी, प्रयागराज और शाहजहांपुर में रिकॉर्ड सर्दी

मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज (11.4 डिग्री) और बाबतपुर वाराणसी (11.6 डिग्री) में गंभीर शीत दिवस के साथ जनवरी के प्रेक्षण इतिहास का पांचवां सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं शाहजहांपुर में 11.2 डिग्री के साथ जनवरी के प्रेक्षण इतिहास का नौवां सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। वाराणसी में इसके पूर्व 2024 की 25 जनवरी को 11.4 डिग्री तापमान रहा था। इसी तरह 2011 में सात जनवरी को 10.8, तीन जनवरी 2004 में 10.6 और 19 जनवरी 2003 को 9.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। वहीं, कोहरे की वजह से 18 विमान निरस्त और 10 को डायवर्ट किया गया। बाबतपुर एयरपोर्ट पर दिन में दो बजे के बाद पहला विमान उतरा। सुबह के वक्त दृश्यता शून्य रही। उधर, सेनानी, महाकाल, बनारस सुपरफास्ट के साथ ही राजधानी भी साढ़े छह घंटे लेट रही।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जमीन पर कब्जा करने वालों को जेल में डालें, जनता दर्शन में अफसरों से बोले सीएम

25 शहरों में कोहरे ने रफ्तार रोकी

मौसम विभाग के अनुसार बरेली (आईएएफ), प्रयागराज (आईएएफ), गोरखपुर (आईएएफ), वाराणसी और कानपुर (आईएएफ) में दृश्यता शून्य पहुंच गई। प्रयागराज, बरेली, झांसी, वाराणसी, बलिया, कानपुर सिटी, अलीगढ़ शाहजहांपुर, हमीरपुर और फतेहगढ़ में 15 से 40 मीटर दृश्यता रही। अयोध्या, फुरसतगंज, आज़मगढ़, चुर्क, अलीगढ़ और आगरा (आईएएफ) लखनऊ, बांदा में दृश्यता 50 से 100 मीटर के बीच दर्ज की गई जबकि गोरखपुर में 150 मीटर तक रही।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।