31 मार्च तक बरतें बेहद सावधानी, यूपी सरकार ने मौसम के बिगड़े तेवर से किया सतर्क
अनुमानों के मुताबिक अगले 4 दिनों तक यूपी के अलग-अलग जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। पश्चिमी विक्षोभ के असर से यूपी की राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के 40 जिलों में शनिवार को बारिश हो सकती है। इसका अलर्ट जारी किया गया है। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और ओलावृष्टि की भी संभावना है।

उत्तर प्रदेश में अगले 31 मार्च तक मौसम के तेवर बिगड़ने की आशंका है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा विभिन्न जिलों में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी किए जाने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने भी जनसामान्य को इस बारे में सचेत किया है। सरकार ने कहा है कि मौसम में बदलाव की आशंकाओं को देखते हुए जनसामान्य सतर्क रहते हुए सावधानीपूर्वक अपने कामों को करें। प्रमुख सचिव राजस्व ने शनिवार को सभी जिलाधिकारियों को जारी एक आदेश में कहा कि वे अपने-अपने जिलों में जनसामान्य के बीच खराब मौसम से संबंधित सूचनाओं को विभिन्न माध्यमों से प्रसारित करें।
उन्होंने यह भी बताया कि विभिन्न जिलों के जिलाधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 से 28 मार्च 2026 तक बेमौसम बारिश के चलते कुल 17 लोगों की जान गई। इसी तरह 11 पशुओं की मौत हुई। वहीं दो जिलों सहारनपुर और ललितपुर से मिली जानकारी के अनुसार वहां 1661.75 हेक्टेअर फसल का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि राहत आयुक्त कार्यालय ने मौसम संबंधी सूचनाओं और विभिन्न इलाकों के लिए जारी रेड अलर्ट, ऑरेंज अलर्ट और यलो अलर्ट आदि के बारे में सचेत ऐप के जरिए करीब 13 करोड़ मैसेज भेजकर जनसामान्य को जागरूक किया गया।
अगले 4 दिन तक बारिश की संभावना
मौसम के पूर्वानुमानों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना जताई जा रही है। अनुमानों के मुताबिक अगले चार दिनों तक उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। पश्चिमी विक्षोभ के असर से यूपी की राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के 40 जिलों में शनिवार को बारिश हो सकती है। इसका अलर्ट जारी किया गया है। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम पूर्वानुमानों के अनुसार अगले चार दिन यानी 31 मार्च तक उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस दौरान आंधी के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार वेस्ट यूपी में 29 मार्च की देर शाम से बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है जिसके 31 मार्च तक जारी रहने की संभावना है। बिजनौर, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बदायूं, मेरठ, मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज, फिरोजाबाद, आगरा, अमरोहा, रामपुर, मुरादाबाद, बरेली और संभल के आसपास के इलाकों में 40 से 50 घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।




साइन इन