Entire family wiped out in one stroke: Husband, wife and both children riding a bike died after being hit by a truck एक झटके में पूरा परिवार खत्म: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी और दोनों बच्चों की मौत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

एक झटके में पूरा परिवार खत्म: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी और दोनों बच्चों की मौत

उत्तर प्रदेश के उन्नाव लखनऊ-कानपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने हंसते-खेलते पूरे परिवार को खत्म कर दिया। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों को कुचल दिया, जिससे चारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

Thu, 5 Feb 2026 07:48 AMYogesh Yadav उन्नाव, संवाददाता
share
एक झटके में पूरा परिवार खत्म: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी और दोनों बच्चों की मौत

यूपी में उन्नाव के सोहरामऊ क्षेत्र में भल्ला फार्म के पास हाईवे पर बुधवार की रात एक हादसे में पूरा परिवार खत्म हो गया। काल बनकर दौड़े एक ट्रक ने परिवार के चार लोगों की जान ले ली। मरने वालों में पति-पत्नी, उनकी नौ साल की बेटी और छह साल का बेटा शामिल है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखचे उड़ गए और चारों के शव हाईवे पर क्षत-विक्षत अवस्था में बिखर गए। इस भयावह मंजर को देख राहगीरों की रूह कांप गई।

पुलिस के अनुसार, अजगैन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव के निवासी 32 वर्षीय वीरेंद्र अपनी 28 वर्षीया पत्नी नीतू, बेटी अनुराधा (9) और बेटे रुद्र (6) के साथ बाइक से किसी जरूरी काम के सिलसिले में निकले थे। परिवार अपनी मंजिल की ओर बढ़ ही रहा था कि सोहरामऊ के भल्ला फार्म हाउस के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गोरखपुर में भाजपा नेता को मारी गोली, दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने की फायरिंग

भयावह मंजर और चश्मदीदों का बयान

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक बाइक को कुचलता हुआ काफी दूर तक घसीटता ले गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। रात का समय होने के कारण हाईवे पर अंधेरा था, लेकिन जब राहगीरों ने सड़क पर क्षत-विक्षत शव पड़े देखे, तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सोहरामऊ पुलिस मौके पर पहुँची। सड़क पर पड़े शवों की स्थिति इतनी खराब थी कि पुलिसकर्मियों को उन्हें समेटने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने तुरंत यातायात बहाल कराया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

फरार ट्रक चालक की तलाश

हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। वीरेंद्र के गांव में जैसे ही यह खबर पहुँची, वहां चीख-पुकार मच गई। एक ही घर के चार सदस्यों की मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं। सोहरामऊ थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी ट्रक चालक की पहचान करने के लिए हाईवे पर स्थित ढाबों और टोल प्लाजा के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना एक बार फिर हाईवे पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।