होली से पहले सैलरी को लेकर आदेश के बावजूद असमंजस में कर्मचारी, जानें ऐसा क्यों?
28 फरवरी को बैंक भी खुले और कोषागार भी। कोषागार से सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भी करीब 18 लाख कर्मचारियों और करीब इतने ही पेंशनरों की तनख्वाह और पेंशन रुकी है। सूत्रों के मुताबिक निगमों, संविदा कर्मचारियों और आउटसोर्स कर्मचारियों को तनख्वाह मिल गई क्योंकि इनका भुगतान ट्रेजरी से नहीं होता है।

UP News: होली के मद्देनजर 28 फरवरी को वेतन और पेंशन जारी करने के आदेश हुए थे। बावजूद इसके जिन कर्मचारियों और पेंशनरों को कोषागार से भुगतान होता है, उन्हें पेंशन और तनख्वाह नहीं मिली। कर्मचारी और पेंशनर असमंजस में हैं कि उन्हें होली के पहले भुगतान होगा या नहीं। सूत्रों का दावा है कि तकनीकी कारणों से 28 को तनख्वाह व पेंशन नहीं मिल सकी थी और सोमवार को उन्हें भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। वित्त विभाग ने फरवरी महीने का वेतन फरवरी में ही देने के आदेश दिए थे। 25 फरवरी को इसके आदेश जारी हो गए थे। होली पर तीन मार्च को अतिरिक्त छुट्टी देने के साथ ही 28 फरवरी को सामान्य कार्यदिवस भी सरकार ने घोषित किया था।
जानकारों के मुताबिक 28 को बैंक भी खुले और कोषागार भी। कोषागार से सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भी कर्मचारियों और पेंशनरों को तनख्वाह नहीं मिली है। तकरीबन 18 लाख कर्मचारियों और करीब इतने ही पेंशनरों की तनख्वाह व पेंशन रुकी है। सूत्रों के मुताबिक निगमों, संविदा कर्मचारियों और आउटसोर्स कर्मचारियों को तनख्वाह मिल गई है क्योंकि इनका भुगतान ट्रेजरी से नहीं होता है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष हरिकिशोर तिवारी कहते हैं कि यह सब अधिकारियों की नजरअंदाजी से हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद 28 फरवरी को भुगतान का आदेश तो जारी कर दिया, लेकिन यह व्यवस्था नहीं की कि कैसे उन्हें भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अब पता नहीं है कि उन्हें होली के पहले तनख्वाह मिलेगी या नहीं। सचिवालय में भी कर्मचारियों को तनख्वाह और पेंशन का भुगतान नहीं हुआ है।
सूत्र बताते हैं कि तकनीकी दिक्कत आरबीआई के पोर्टल पर थी। इससे राज्यकर्मियों, शिक्षकों का वेतन और पेंशनरों को पेंशन नहीं मिल सकी। उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों मे सभी विभागों की तरफ से वेतन-पेंशन ट्रांसफर कर दी गई थी, लेकिन आरबीआई के पोर्टल पर तकनीकी समस्या से खातों में भुगतान नहीं हो सका।
क्या बोले अपर मुख्य सचिव वित्त
इस बारे में अपर मुख्य सचिव वित्त दीपक कुमार ने कहा कि वेतन जारी करने की प्रक्रिया चालू है। कुछ कर्मचारियों का वेतन दे दिया गया है। बचे लोगों का वेतन सोमवार को उनके खाते में पहुंच जाएगा।




साइन इन