दुबई से लखनऊ आते ही मुख्तार अंसारी का करीबी शादाब उर्फ डंपी गिरफ्तार, ED ने भेजा जेल
मुख्तार अंसारी का बेहद करीबी शादाब उर्फ डंपी दुबई से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया। वह 2022 में दुबई भाग गया था। ईडी मुख्तार की कंस्ट्रक्शन कंपनी में उसके करोड़ों रुपये के हेरफेर के मामले में जांच कर रही थी।

मुख्तार अंसारी का बेहद करीबी शादाब उर्फ डंपी दुबई से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया। वह वर्ष 2022 में दुबई भाग गया था। ईडी मुख्तार की कंस्ट्रक्शन कंपनी में उसके करोड़ों रुपये के हेरफेर के मामले में जांच कर रही थी। कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होने पर ईडी उसकी तलाश कर रही थी। जब वह बुधवार को एयरपोर्ट पहुंचा तो इमीग्रेशन टीम की निगाह में आ गया। इमीग्रेशन टीम ने उसे ईडी लखनऊ के हवाले कर दिया।
ईडी ने शादाब को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे तीन नवंबर तक जेल भेज दिया गया। ईडी अगले सप्ताह उसे रिमांड पर लेगी। ईडी सूत्रों के मुताबिक गाजीपुर का रहने वाला डंपी मुख्तार का बेहद करीबी था। मुख्तार की कंपनी विकास कांस्ट्रक्शन, आगाज कंपनी और दो अन्य कंपनियों का पूरा काम शादाब ही देखता था।
इसके अलावा टावर कंपनियों में डीजल की सप्लाई को लेकर भी उसने काफी गोलमाल किया था। विकास कांस्ट्रशन कंपनी में करोड़ों रुपये की गलत कमाई को लेकर ईडी उसके खिलाफ जांच कर रही थी। ईडी अफसरों ने बताया कि शादाब वर्ष 2022 में दुबई चला गया था। उसके खिलाफ जांच चल रही थी। कई मामलों में वह जमानत पर बाहर था। ईडी ने जब उसे नोटिस भेजी तो पता चला कि वह दुबई में है। ईडी से वह सम्पर्क भी नहीं कर रहा था। इस पर ईडी ने कोर्ट से उसका गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) ले लिया था।
22 अक्तूबर को दुबई से लखनऊ पहुंचा
शादाब 22 अक्तूबर को दुबई से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा। इमीग्रेशन जांच में टीम ने उसे पकड़ लिया। फिर ईडी लखनऊ के अफसरों को उसके बारे में बताया गया। ईडी की टीम वहां पहुंची और उसे पकड़ कर ले आई। ईडी के मुताबिक शादाब को लखनऊ कोर्ट में गुरुवार को पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।




साइन इन