बलिया में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, जाति विशेष गाना बजाने को लेकर यादव और बिंद भिड़े, 22 घायल
बलिया में जातीय वर्चस्व और जाति विशेष के गाने बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस संघर्ष में दोनों ओर से कुल 22 लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में 22 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए 10 आरोपियों को हिरासत में लिया है।

यूपी के बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र के एक गांव में दो पक्षों के बीच जातीय संघर्ष हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस झड़प में दोनों ओर से 22 लोग घायल हो गए। वहीं, पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए 22 नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कर 10 को हिरासत में ले लिया। वहीं, ये मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जातीय संघर्ष का ये मामला रेवती थाना क्षेत्र के अधिसिझुआ गांव का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बुधवार देर रात यादव और बिंद जाति से जुड़े दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान लाठी-डंडा और लोहे के छड़ से हमला किया गया, जिसमें एक पक्ष के सुनील यादव और कमलेश यादव तथा दूसरे पक्ष के धनंजय, लाल बाबू प्रसाद, कपिल देव, रवीन्द्र, और मंटू बिंद घायल हो गए। आनन-फानन में सभी को अस्पताल ले जाया गया। जहां सभी का इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक गांव में यादव पक्ष द्वारा साउंड स्पीकर से जाति विशेष गाने बजाए गए थे। जिस पर बिंद पक्ष नाराज हो गया और अपने जाति विशेष के गाने बजाए। इसी को लेकर दोनों पक्षों में संघर्ष हो गया और देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। उधर, पुलिसइस मामले में दोनों पक्षों के कुल 22 लोगों के साथ ही कुछ अज्ञात के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही पांच लोगों को हिरासत में भी ले लिया है।
इस मामले बैरिया क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि रेवती थाना क्षेत्र के अधिसिझुआ गांव के सुनील यादव की तहरीर पर आठ नामजद और कुछ अज्ञात के विरुद्ध और मनोज कुमार प्रसाद की तहरीर पर चौदह नामजद और कुछ अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पांच अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। दोनों पक्षों में गांव में वर्चस्व और पुरानी रंजिश को लेकर झड़प हुआ है।




साइन इन