Sambhal a dispute has now erupted within the Jama Masjid Committee, with chairman and secretary trading accusations संभल में ASI टीम से अभद्रता के बाद अब जामा मस्जिद कमेटी में रार, सदर-सेक्रेटरी में छिड़ी ‘जंग’, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

संभल में ASI टीम से अभद्रता के बाद अब जामा मस्जिद कमेटी में रार, सदर-सेक्रेटरी में छिड़ी ‘जंग’

यूपी के संभल जिले में ASI टीम से अभद्रता के बाद मामले में अब नया मोड़ आ गया है। यहां जामा मस्जिद कमेटी में रार सामने आई है। जामा मस्जिद सदर-सेक्रेटरी में आरोप और प्रत्यारोप की जंग छिड़ गई है।

Mon, 17 Nov 2025 08:41 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
संभल में ASI टीम से अभद्रता के बाद अब जामा मस्जिद कमेटी में रार, सदर-सेक्रेटरी में छिड़ी ‘जंग’

यूपी में संभल की जामा मस्जिद में एएसआई (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) मेरठ मंडल की टीम से हुई अभद्रता के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। कार्रवाई की शुरुआत होते ही मस्जिद कमेटी के भीतर की रार खुलकर सामने आ गई है। मस्जिद के सदर ने मोहम्मद काशिफ को बाहरी बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं मोहम्मद काशिफ ने खुद को कमेटी का सेक्रेटरी बताते हुए एक पत्र भी सार्वजनिक किया है और सदर पर राजनीतिक लाभ लेने जैसे आरोप लगाए हैं।

एएसआई द्वारा सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिए जाने के बाद मस्जिद कमेटी के सदर जफर अली एडवोकेट का कहना है कि टीम से अभद्रता करने वाला मोहम्मद काशिफ कमेटी का वैध सदस्य नहीं, बल्कि बाहरी व्यक्ति है। उन्होंने आरोप लगाया कि काशिफ ने फर्जी ट्रस्ट बना रखा है। उसके माध्यम से धन उगाही का काम चलता है, मस्जिद प्रशासन का इससे कोई लेना-देना नहीं है।

वहीं संभल हिंसा मामले में जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके जामा मस्जिद के सदर जफर अली पर मोहम्मद काशिफ ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मामले की असलियत अदालत में ही स्पष्ट होगी। मैं कमेटी का सेक्रेटरी हूं। राजनीतिक लाभ के लिए मुझ पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। बीते वर्ष जामा मस्जिद सर्वे के बाद हुई हिंसा पर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में जो याचिका गई थी, उसका मुख्य याची मैं ही हूं। मेरे ट्रस्ट के खाते में एक भी पैसा नहीं। पूरा खाता विवरण सार्वजनिक करने को तैयार हूं।

2022 में काशिफ ने आप से लड़ा था विधानसभा चुनाव

संभल। एएसआई टीम के निरीक्षण के दौरान हुए दुर्व्यवहार के बाद पुलिस कार्रवाई हुई। पुलिस ने सोमवार को आरोपी हफीज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एएसआई द्वारा मुकदमा दर्ज करा दिए जाने के बाद से कमेटी के दो गुट आमने-सामने आ गए हैं। वहीं एएसआई टीम से अभद्रता मामले में मोहम्मद काशिफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है, वह आम आदमी पार्टी से 2022 में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं और उन्हें केवल 455 वोट मिले थे जबकि इससे अधिक नोटा पर 1204 वोट पड़े थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:आजम रिहाई के बाद 55 दिन ही खुली हवा में रह पाए, फिर सलाखों के पीछे
ये भी पढ़ें:यूपी के प्राइमरी स्कूलों के बच्चों के लिए गुड न्यूज, टीचर को लेकर आया आदेश
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।