मैनपुरी में आधी रात डबल मर्डर, बदमाशों ने घर में सो रहे वृद्ध दंपति की गोली मारकर की हत्या
मैनपुरी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां घर के अंदर सो रहे एक वृद्ध दंपति की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों के सिर में गोलियां मारी गईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

यूपी के मैनपुरी जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। बरनाहल थाना क्षेत्र के ग्राम फूलापुर में मंगलवार देर रात घर के अंदर सो रहे एक वृद्ध दंपति की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। दोनों के सिर में गोली मारी गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड से गांव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
मृतकों की पहचान फूलापुर के रहने वाले 60 साल के महेश चंद्र शाक्य और उनकी 57 वर्षीय पत्नी अनीता देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दंपति रात में अपने घर के एक कमरे में अलग-अलग चारपाइयों पर सो रहे थे। इसी दौरान किसी समय अज्ञात लोग घर में घुसे और दोनों को निशाना बनाकर सिर में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनने के बाद भी आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हमलावर फरार हो गए।
बुधवार सुबह जब घटना की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी ग्रामीण राहुल मिठास, सीओ करहल अजय चौहान और थाना प्रभारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीमों को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए।
फॉरेंसिक टीम ने कमरे और आसपास के क्षेत्र से अहम सुराग इकट्ठा किए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आपसी रंजिश, लूट या अन्य कोणों से मामले की जांच कर रही है। बताया गया है कि मृतक दंपति के दो बेटे हैं, जो गुरुग्राम में टैक्सी चलाते हैं और घटना के समय गांव में मौजूद नहीं थे। अभी तक पुलिस को इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।




साइन इन