Do not fear carry on with your work Akhilesh message to tea vendors following Food Department raids मत डरिए, अपना काम करिए, खाद्य विभाग की छापेमारी के बाद अखिलेश का चाय वालों के नाम संदेश, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मत डरिए, अपना काम करिए, खाद्य विभाग की छापेमारी के बाद अखिलेश का चाय वालों के नाम संदेश

फतेहपुर में चाय की दुकान पर खाद्य विभाग की छापेमारी के बाद सियासत तेज हो गई है। ये वही दुकान है जहां पर दो महीने पहले सपा प्रमुख ने चाय पी थी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अब भाजपा सरकार को घेरते हुए चायवालों के नाम एक संदेश पोस्ट किया।

Sat, 18 April 2026 11:46 PMDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
मत डरिए, अपना काम करिए, खाद्य विभाग की छापेमारी के बाद अखिलेश का चाय वालों के नाम संदेश

Akhilesh Yadav: यूपी के फतेहपुर में चाय की दुकान पर खाद्य विभाग की छापेमारी के बाद सियासत तेज हो गई है। ये वही दुकान है जहां पर दो महीने पहले सपा प्रमुख ने चाय पी थी। शनिवार को अखिलेश यादव ने चायवालों के नाम एक संदेश पोस्ट किया। अखिलेश यादव ने लिखा, मत डरिए, अपना काम करिए, बुरे दिन जाने वाले हैं।

सोशल मीडिया एक्स पर लिखी पोस्ट में अखिलेश यादव ने कहा, प्रिय चायवालों, फतेहपुर में हमने आपमें से एक, जिस ‘आत्मनिर्भर आर्यन’ की दुकान पर प्रेमपूर्वक चाय पी थी उसकी चाय का सैंपल फूड सिक्योरिटी विभाग ने लेकर, आर्यन को ये धमकी दी है कि तुम एल्युमीनियम के बर्तन में चाय बनाते हो, तुम्हारी दुकान सील कर देंगे। शुक्र है ये नहीं कहा कि ‘लाल’ सिलेंडर पर बनाते हो तो सील कर देंगे, वैसे कह भी नहीं पाते क्योंकि सिलेंडर तो मिल नहीं रहा है। ये धमकी सिर्फ़ एक आर्यन को नहीं है, उन सब आर्यन को है जो महा-बेरोज़गारी के इस भाजपाई दौर में चाय बनाकर या अपना कोई छोटा-मोटा काम करके अपने पैरों पर खड़े होने की कोशिश कर रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जिस दुकान पर अखिलेश यादव ने पी थी चाय, वहां खाद्य विभाग ने की छापेमारी

भाजपा किसी को नौकरी-रोज़गार तो देती नहीं है उसके विपरीत जो स्वयं अपनी मेहनत से कुछ करना चाहते हैं, उनको सिर्फ़ इसलिए धमकाती है क्योंकि हम जैसे लोग उनके काम को सम्मान देने के लिए, उनके कारोबार को प्रोत्साहित करने के लिए, उनके पास चले जाते हैं। अब जब ये सरकारी विभाग का छोटापन, लखनऊ तक पहुँचेगा तो देखते हैं, इस कुकृत्य के लिए ऐसे अधिकारियों का निलंबन होता है या उनको इनाम दिया जाता है। फूड सिक्योरिटी विभाग कभी अपने भ्रष्टाचार का भी तो सैंपल ले। उस घूसखोर विभाग में महा-भ्रष्टाचार के जो बेहद बुरे हालात हैं, उसके आधार पर नाम बदलनेवालों को एक सुझाव ये है कि वो इस विभाग का नाम बदलकर सीधे ‘मिलावट विभाग’ ही कर दें या ‘भाजपा चंदा विभाग’। इससे पीड़ितों में ‘प्रीपेड पीड़ित’ के बाद ‘टी पीड़ित’ की एक और नई श्रेणी जुड़ गयी है। अब पूरे प्रदेश के चाय बेचनेवाले ‘पीडीए’ से जुड़ जाएंगे और एक नई चाय शुरू करेंगे जिसका नाम होगा ‘पीडीए टी’।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मर्जी का परिसीमन करवाना चाहती थी BJP, महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने पर अखिलेश

भाजपा ने अपनी तुच्छ राजनीति को पाताल से भी नीचे ले जाकर खड़ा कर दिया है। घोर निंदनीय!हम हर छोटे-से-छोटे गुमटी-टपरीवाले, रेहड़ी-पटरी-फेरी-ठेलेवालों, साप्ताहिक हाट-सब्ज़ी बाज़ारवालों और हर छोटे-बड़े दुकानदार, काम कारोबार-कारख़ानेवालों की, अपनी रोज़ी-रोटी कमाने की सम्मानजनक कोशिश करनेवालों के साथ खड़े हैं और हमेशा रहेंगे।

हम उन सबसे कहेंगे : मत डरिए, अपना काम करिए! चिंता न करें : बुरे दिन जानेवाले हैं! आपका अखिलेश

#बुरे_दिन_जानेवाले_हैं

विशेष : इस कु-समाचार के बारे में जब भाजपा के कट्टर समर्थकों तक को पता चलेगा तो वो भी बेहद शर्मिंदा होंगे, वैसे सत्ता का लाभ उठा रहे कुछ स्वार्थी लोगों के सिवाय भाजपा के समर्थक लोग अब कुछ ज़्यादा बचे ही नहीं हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।