लिव-इन में रार पर नहाते समय चुपके से खींचे अश्लील फोटो, युवती की ही इंस्टाग्राम ID पर किया अपलोड
यूपी के आगरा में एक युवती के साथ लिव इन में रहने वाले शादीशुदा युवक ने जबरिया शादी के लिए अजब हरकत की है। पहले युवती का नहाते समय चुपके से तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद युवती की इंस्टाग्राम आईडी हैक कर उसी पर तस्वीरें अपलोड कर दीं।

यूपी के आगरा में ट्रांसयमुना थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाली एक युवती को ब्लैकमेल करने और सार्वजनिक रूप से बदनाम करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती का साथ रहने वाले से विवाद हुआ तो युवक ने अजब हरकत कर दी। उसने चुपके से युवती का नहाते समय बेहद निजी और अश्लील तस्वीरें खींचीं थी। विवाद के बाद उन तस्वीरों को युवती की ही इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड कर दिया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से गुलाब नगर फाउंड्री नगर निवासी इंद्रजीत के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। कहा कि इंद्रजीत उससे शादी करना चाहता था, लेकिन उसने इस रिश्ते को आगे बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया, क्योंकि इंद्रजीत पहले से ही शादीशुदा है। वह किसी भी कीमत पर उसके विवाहेतर संबंध को कानूनी रूप नहीं देना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसके चलते उनके रिश्ते में दरार आ गई थी और युवती ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी।
धोखे से खींचे फोटो, हैक किया सोशल मीडिया अकाउंट
युवती ने आरोप लगाया कि इसी विवाद के दौरान एक दिन जब वह अपने घर में नहा रही थी, इंद्रजीत ने धोखे से उसके अश्लील और निजी फोटो खींच लिए थे। फोटो खींचने के बाद वह लगातार शादी का दबाव बनाने लगा और उसे ब्लैकमेल करने लगा। जब युवती ने शादी से साफ इनकार कर दिया तो गुस्से में उसे धमकी दी कि वह उसे कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ेगा और उसकी जिंदगी बर्बाद कर देगा। अपनी धमकी को अंजाम देते हुए उसके इंस्टाग्राम अकाउंट को हैक कर लिया और उसकी निजी तस्वीरें उसी पर अपलोड कर दीं। इतना ही नहीं, उसने इंस्टाग्राम का पासवर्ड भी बदल दिया। इससे युवती चाहकर भी उन आपत्तिजनक फोटो को डिलीट नहीं कर पा रही थी और उसकी बदनामी तेज़ी से फैल रही थी।
युवती भयभीत, घर से बाहर निकलना हुआ मुश्किल
युवती ने पुलिस को बताया कि इंद्रजीत अब उसे लगातार धमकियां दे रहा है और बोल रहा है कि वह शहर भर में उसके फोटो के पोस्टर तक लगा देगा। शर्मिंदगी और बदनामी के डर से वह घर से बाहर नहीं निकल पा रही है। ट्रांसयमुना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि आरोपी इंद्रजीत की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उसके खिलाफ ठोस साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही तस्वीरों को आगे फैलने से रोकने के लिए इंस्टाग्राम आईडी को तुरंत ब्लॉक करने और हैक किए गए अकाउंट को वापस दिलाने के लिए साइबर सेल से भी संपर्क किया गया है।




साइन इन