2027 में कितनी सीटें जीकर सरकार बनाएगी भाजपा? डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने अभी से बता दिया
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2047 तक भाजपा का लक्ष्य विकसित भारत का निर्माण करना है और सरकार किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं तथा दिव्यांगों के हित में कार्य कर रही है।

UP Latest News: यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास और सबको रोजगार के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा कितनी सीटें जीतेगी? इसको लेकर केशव मौर्य ने सबकुछ साफ कर दिया। उन्होंने बताया कि अगले साल होने वाले चुनाव में भाजपा 325 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में फिर सरकार बनाएगी।
रोडवेज डिपो परिसर में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यूपी सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को देखकर विपक्ष भी हैरान है। भाजपा तुष्टिकरण की नहीं, बल्कि विकास की राजनीति करती है, यही कारण है कि पिछले वर्षों में प्रदेश में शांति व्यवस्था कायम रही है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह समाप्तवादी पार्टी बन गई है, जबकि अखिलेश यादव और राहुल गांधी 2047 तक सत्ता से दूर रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि सपा, बसपा और कांग्रेस मिलकर भी चुनाव लड़ें, तब भी जीत भाजपा की ही होगी।
2047 तक विकसित भारत का निर्माण भाजपा का लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भाजपा का लक्ष्य विकसित भारत का निर्माण करना है और सरकार किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं तथा दिव्यांगों के हित में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में यूपी में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंझनपुर नगर पालिका परिषद परिसर स्थित गौरव स्मृति उद्यान में वीरांगना अवंती बाई लोधी, ऊदा देवी, भगवान परशुराम तथा संत गाडगे की प्रतिमाओं का अनावरण भी किया।
वन संरक्षण से ही भविष्य सुरक्षित
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अंतरराष्ट्रीय वन दिवस पर कहा है कि वन हमारे जीवन का आधार हैं। ये न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि जैव-विविधता संरक्षण, जलवायु संतुलन तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत जरूरी है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मानव तथा पृथ्वी के अस्तित्व के लिए वन एवं वन्यजीव अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से जनसामान्य में जागरूकता बढ़ाने के लिए हर साज अंतरराष्ट्रीय वन दिवस मनाया जाता है। उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण-संवर्धन का संकल्प लें। हम सभी को हरित, स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए, जिससे वर्तमान के साथ भावी पीढ़ियों को भी स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्राप्त हो सके।
अर्थव्यवस्था को मिली नई गति
केशव प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को राष्ट्रीय प्राथमिकता के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। हरित आवरण बढ़ाने, प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग, इको-पर्यटन को प्रोत्साहन और जनभागीदारी के माध्यम से वनों के संरक्षण के लिए अनेक प्रभावी पहल की गई हैं। इन प्रयासों से पर्यावरणीय संतुलन सुदृढ़ होने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिल रही है। वन हमारी संस्कृति, परंपरा और जीवन का अभिन्न अंग है। इसी भावना के अनुरूप उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वन संरक्षण एवं संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा प्रदेश को हरित एवं समृद्ध बनाने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।




साइन इन