कंपनी मीटिंग के बहाने दिल्ली से लखनऊ लाकर होटल में रेप, खाने में नशा मिलाकर वारदात
दिल्ली से कंपनी मीटिंग के बहाने लखनऊ लाकर यहां के होटल में एक युवती से रेप किया गया। खाने में नशा मिलाकर वारदात को अंजाम दिया गया। किसी तरह यहां से भागी युवती ने दिल्ली में केस दर्ज कराया। वहां से मामला ट्रांसफर होने पर पुलिस ने जांच शुरू की है।

नौकरी के बहाने दिल्ली की युवती से लखनऊ लाकर गोमतीनगर के होटल में रेप किया गया। किसी तरह होटल से भागी युवती दिल्ली पहुंची और वहां केस दर्ज कराया। दिल्ली से केस लखनऊ ट्रांसफर हुआ तो पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पीड़िता ने अपने बयान दर्ज कराए। बयानों में पीड़िता ने एफआईआर की बातें दोहराई। आरोपी अभिषेक की तलाश में पुलिस की टीमें दिल्ली, नोएडा और लखनऊ के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पीड़िता दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके की रहने वाली है। उसने कंपनी के मालिक अभिषेक के खिलाफ दिल्ली में ही मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़िता के मुताबिक वह बेरोजगार थी। एक सहेली के जरिए उसकी मुलाकात अभिषेक से दिल्ली में हुई थी। अभिषेक ने उसे आठ हजार रुपये प्रति माह की नौकरी दिलाई। इसके बाद कंपनी की मीटिंग के बहाने उसे लखनऊ लेकर आया था। गोमतीनगर विपुलखंड में होटल एवरेस्ट में उसे रोका गया।
खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर अभिषेक ने दुष्कर्म किया। होश आने पर विरोध किया तो उसने धमकी दी। रात में जब अभिषेक सो गया तो वह यहां से भाग निकली थी। इसके बाद दिल्ली जाकर मंगोलपुरी थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। वहां से मुकदमे की विवेचना गोमतीनगर के लिए ट्रांसफर हो गई। पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने पीड़िता के बयान पुलिस ने दर्ज कर लिए हैं। स्वास्थ्य कारणों से उसका मेडिकल नहीं हो सका है। पीड़िता ने शनिवार को मेडिकल परीक्षण कराने की बात कही है। फिलहाल वह दिल्ली चली गई। दोबारा पीड़िता के आने पर पुलिस उसके विस्तृत बयान के साथ कोर्ट के समक्ष बयान दर्ज कराएगी।
लोहिया की छात्रा ने साथियों पर बैड टच का आरोप लगाया
वहीं, लखनऊ के ही डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की छात्रा ने तीन सहपाठी छात्रों पर पार्टी के दौरान बैड टच और अश्लील बातचीत करने का आरोप लगाया है। छात्रा ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड और विशाखा कमेटी (आंतरिक शिकायत समिति) से की है। विश्वविद्यालय प्रशासन शुरू में मामले को दबाने का प्रायस किया, हालांकि छात्रा के विरोध पर विवि प्रशासन सख्त हुआ। प्रॉक्टोरियल बोर्ड और विशाखा कमेटी ने जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के सीसी कैमरे की फुटेज की कमेटी जांच कर रही है।
19 मई की रात अंतिम वर्ष के छात्रों की पार्टी परिसर में चल रही थी। खुले परिसर में देर रात तक तेज ध्वनि में संगीत बज रहा था और कई छात्र शराब के नशे में बताए गए। इस दौरान एक छात्रा ने खुद को असुरक्षित महसूस किया। छात्रा का आरोप है कि पार्टी के दौरान उसके साथ तीन छात्रों ने बैड टच और अश्लील बात की। छात्रा ने विरोध जताया, लेकिन माहौल को देखते हुए तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
घटना के अगले दिन पीड़ित छात्रा ने विश्वविद्यालय की प्राक्टोरियल बोर्ड और आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई। छात्रा ने तीन छात्रों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत मिलने के बाद प्राक्टोरियल बोर्ड ने छात्रा को सुरक्षा उपलब्ध कराई, लेकिन मामले में अब तक किसी भी छात्र के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई सामने नहीं आई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने देर रात पार्टी करने वाले 84 छात्रों को खिलाफ नोटिस जारी कर 28 मई तक जवाब मांगा है। छात्रों पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना की चेतावनी दी है।




साइन इन