defeat them in 2027 op rajbhar attacks on akhilesh yadav in azamgarh सपा के गढ़ को गड्ढा बना देंगे, 2027 में हराएंगे; आजमगढ़ में अखिलेश पर बरसे ओपी राजभर, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

सपा के गढ़ को गड्ढा बना देंगे, 2027 में हराएंगे; आजमगढ़ में अखिलेश पर बरसे ओपी राजभर

आजमगढ़ में ओपी राजभर ने सपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 2027 में अखिलेश यादव के गढ़ को गड़ही बना देंगे। उन्होंने सपा शासन पर दंगे, आतंकवाद और भ्रष्ट भर्ती का आरोप लगाया, जबकि योगी सरकार की कानून-व्यवस्था, विकास और रोजगार योजनाओं की सराहना की।

Sat, 13 June 2026 09:07 PMsandeep हिन्दुस्तान, आजमगढ़
share
सपा के गढ़ को गड्ढा बना देंगे, 2027 में हराएंगे; आजमगढ़ में अखिलेश पर बरसे ओपी राजभर

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और ओम प्रकाश राजभर ने शनिवार को आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे राजभर ने कहा कि आजमगढ़ को केवल समाजवादी पार्टी या यादव समाज का गढ़ बताना गलत है। यहां राजभर, निषाद, कोल, बिंद, पाल, प्रजापति, चौहान, ब्राह्मण और अन्य कई समाज के लोग रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में वे अखिलेश यादव के गढ़ को गड़ही (गड्ढा) बना देंगे। राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और गुंडे-माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार का बुलडोजर मॉडल पूरे देश में चर्चा का विषय बन चुका है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि योगी बाबा का बुलडोजर अब बंगाल तक पहुंच गया है।

सपा के शासनकाल में एक हजार दंगे हुए- ओपी राजभर

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए राजभर ने कहा कि सपा शासनकाल में प्रदेश में करीब एक हजार दंगे हुए थे, हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी और बड़ी संख्या में लोगों की जान गई थी। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में एक भी बड़ा दंगा नहीं हुआ और प्रदेश में शांति तथा सुरक्षा का माहौल कायम हुआ है। उन्होंने आजमगढ़ को लेकर भी सपा पर गंभीर आरोप लगाए। राजभर ने कहा कि पहले इस क्षेत्र की पहचान आतंकवाद से जोड़कर की जाती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे शिक्षा और विकास का केंद्र बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और अन्य शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना से युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं और वे डॉक्टर, इंजीनियर तथा प्रशासनिक अधिकारी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:‘अपनी हैसियत के हिसाब से बात करें’...ओपी राजभर ने ओवैसी को दी नसीहत
ये भी पढ़ें:अदिति के अपमान के पीछे भी कोई सपाई ही निकलेगा, ओपी राजभर का गारंटी वाला दावा

अब लखनऊ से आजमगढ़ सिर्फ 3 घंटे- राजभर

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए राजभर ने कहा कि पहले आजमगढ़ से लखनऊ पहुंचने में छह घंटे लगते थे, लेकिन अब बेहतर सड़कों और कनेक्टिविटी के कारण यह दूरी तीन घंटे में पूरी हो रही है। उन्होंने इसे योगी सरकार की विकास नीति का परिणाम बताया। रोजगार के मुद्दे पर भी उन्होंने समाजवादी पार्टी को घेरा। राजभर ने आरोप लगाया कि सपा सरकार में भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और पक्षपात होता था, जबकि वर्तमान सरकार ने बिना भेदभाव के लाखों युवाओं को नौकरी देने का काम किया है। उन्होंने विभिन्न समाजों से एकजुट होकर भाजपा और सहयोगी दलों का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि वे समाजवादी पार्टी की राजनीति का मजबूती से मुकाबला करेंगे। आपको बता दें सीएम योगी शनिवार को आजमगढ़ में 955 करोड़ की 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने पहुंचे थे

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।