मेडिकल कॉलेज की पानी टंकी में मिला युवक का गला-सड़ा शव, बदबू आने पर हुआ खुलासा
देवरिया में स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की पांचवीं मंजिल पर बनी पानी की टंकी से युवक का शव बरामद किया गया। युवक की हत्या कर शव पानी की टंकी में डालने की आशंका जताई जा रही है। उधर, सूचना मिलने पर अस्पताल और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंची।

यूपी के देवरिया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आयाव है। जहां महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की पांचवीं मंजिल पर बनी पानी की टंकी से सोमवार की शाम युवक का शव बरामद किया गया। युवक की हत्या कर शव पानी की टंकी में डालने की आशंका जताई जा रही है। सीएमएस डा.एचके मिश्र, सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी समेत मेडिकल कॉलेज के अन्य जिम्मेदारों के साथ ही कोतवाली पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की। देर शाम तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की पांचवीं मंजिल पर पानी की टंकी बनाई गई है। जिससे मेडिकल कालेज के महिला वार्ड, पुरुष वार्ड के साथ ही ओपीडी के शौचालय में जलापूर्ति की जाती है। पानी से बदबू आने पर सफाईकर्मी पानी की टंकी की सफाई करने पहुंचे। सीढ़ी लगाकर जब पानी की टंकी तक पहुंचे तो तेज बदबू आने लगी। इसके बाद उन्होंने होल से देखा तो अंदर युवक का शव नजर आया। इसके बाद सफाईकर्मियों ने तत्काल मेडिकल कालेज के जिम्मेदारों को इसकी जानकारी दी।
सूचना पर सीएमएस डॉ.एचके मिश्र के साथ ही अन्य चिकित्सक व सुरक्षा गार्ड भी पहुंच गए। पानी की टंकी से पानी निकाल कर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस की माने तो शव 10 दिन से अधिक पुराना है। इसलिए पूरी बाडी सड़ गई है। शव की शिनाख्त करने में दिक्कत हो रही है। इस मामले में सीओ सिटी संजय रेड्डी ने बताया कि मेडिकल कालेज में बने पानी की टंकी से युवक का शव बरामद किया गया है। शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम में ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।




साइन इन