dead bodies of three students who went missing while bathing in rapti river found families in turmoil राप्ती नदी में नहाते समय लापता हुए तीनों छात्रों के शव मिले, परिवारों में मचा कोहराम, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

राप्ती नदी में नहाते समय लापता हुए तीनों छात्रों के शव मिले, परिवारों में मचा कोहराम

कुल चार छात्र नहाने गए थे। उनमें से 3 इस हादसे के शिकार हुए हैं। छात्रों के शव शनिवार को टीम ने बरामद कर लिए। शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कल छात्रों के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस, स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगातार तलाशी अभियान चला रही थी।

Sat, 18 April 2026 11:02 AMAjay Singh वरिष्ठ संवाददाता, गोरखपुर
share
राप्ती नदी में नहाते समय लापता हुए तीनों छात्रों के शव मिले, परिवारों में मचा कोहराम

Gorakhpur News : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शुक्रवार को राप्ती नदी में नहाते समय लापता हुए तीनों छात्रों की लाश मिल गई है। कल से ही स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस छात्रों को खोजने का अभियान चला रही थी। छात्रों की लाश मिलते ही उनके परिवारीजनों में कोहराम मच गया है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के बंजरहा गांव के पास राप्ती नदी पर निर्माणाधीन पुल के पास शुक्रवार को कुल चार छात्र नहाने गए थे। उनमें से तीन इस हादसे के शिकार हुए हैं। छात्रों के शव शनिवार को टीम ने बरामद कर लिए। शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कल छात्रों के गायब होने की सूचना मिलते ही मजनू चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस, स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगातार तलाशी अभियान चला रही थी। काफी प्रयास के बाद शनिवार को तीनों शवों को नदी से बाहर निकाला गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में प्रतिबंधित गेमिंग ऐप का क्लोन बनाकर सौ करोड़ की ठगी, गैंग का पर्दाफाश

मिली जानकारी के अनुसार बरियारपुर निवासी 19 वर्षीय शुभम यादव अपने साथी काजीपुर निवासी अभय उर्फ बंटी, शिव साहनी और बुढ़ियाबारी निवासी शुभम यादव के साथ शुक्रवार की दोपहर में करीब 2:30 बजे राप्ती नदी में नहाने गया था। नहाते समय अचानक चारों साथी गहराई में चले गए और डूबने लगे। शुभम यादव किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया और उसने लोगों को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने तीनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई ज्यादा होने से सफलता नहीं मिल सकी। चिलुआताल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई। एसडीआरएफ को भी बुलाया गया, जो देर शाम तक तलाश में जुटी रही।

समय बीतने के साथ बढ़ती गई बेचैनी

डूबे तीनों छात्र गोरखपुर के महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में इंटर और हाईस्कूल के छात्र थे। मौके पर पहुंचे एसएसपी डॉ.कौस्तुभ ने परिवारीजनों से बात की। तलाश में लगी गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली और छात्रों की तलाश में जैसे-जैसे समय बीतने लगा, परिवारीजनों की बेचैनी भी बढ़ती गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में प्रेमी-प्रेमिका का सुसाइड, लड़की की 20 अप्रैल को होनी थी शादी
ये भी पढ़ें:यूपी में बिजली विभाग का 7 दिन का खास अभियान, घर-घर पहुंचेंगे अधिकारी-कर्मचारी
ये भी पढ़ें:यूपी में प्रतिबंधित गेमिंग ऐप का क्लोन बनाकर सौ करोड़ की ठगी, गैंग का पर्दाफाश

पुलिस के मुताबिक, तीनों अलग-अलग परिवारों से थे और पढ़ाई के साथ अपने-अपने भविष्य के सपने संजोए हुए थे। चिलुआताल के काजीपुर निवासी शिव पुत्र रामलखन महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र था। रामलखन पेंट-पॉलिश का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शिव दो भाइयों अमन, अभिषेक और एक बहन कुमकुम के साथ रहता था।

इसी थाना क्षेत्र के बरियारपुर निवासी शुभम यादव पुत्र विनोद यादव भी महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र था। उसके पिता शिक्षामित्र हैं। अभय यादव उर्फ बंटी पुत्र कृपा यादव भी इसी कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। उसके पिता कृपा यादव मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। अभय अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। तीनों छात्रों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पूरे इलाके में मातम है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।