2 लाख लो और चुप हो जाओ! पिता की हत्या की गवाह बेटी को माफिया ने दी धमकी; एक महीने बाद केस दर्ज
गोरखपुर में एक बेटी को अपने पिता की हत्या के मामले में चश्मदीद गवाही से हटने के लिए माफिया और उसके गुर्गों ने सरेआम धमकाया। शाहपुर थाना क्षेत्र की इस घटना में, गवाह बेटी को न सिर्फ जान से मारने की धमकी दी गई, बल्कि उसे अदालत में बयान बदलने के लिए दो लाख रुपये रिश्वत देने की भी कोशिश की गई।

यूपी के गोरखपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां पिता की हत्या के मामले में गवाही दे रही एक बेटी को माफिया और उसके गुर्गों ने गवाही से हटने के लिए धमकी दी। इतना ही नहीं, उसे दो लाख रुपये रिश्वत देने की भी कोशिश की गई ताकि वह अदालत में बयान बदल दे। घटना के एक महीने बाद अब जाकर मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामला शाहपुर थाना क्षेत्र का है। प्रार्थिनी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह मुकदमा संख्या 952/10, धारा 147, 148, 149, 302 IPC व SC/ST Act की धारा 3(2)(v) में चश्मदीद गवाह है। उसके पिता की हत्या उसकी आंखों के सामने की गई थी, और वर्तमान में मामला न्यायालय में विचाराधीन है। बेटी ने बताया कि जब से अदालत में उसकी जिरह शुरू हुई, तभी से अभियुक्त सुधीर सिंह, के.एन. सिंह और अन्य लगातार उस पर गवाही बदलने का दबाव बना रहे हैं। 24 सितंबर 2025 की शाम जब वह अपने मायके बिछिया से लौट रही थी, तभी पीएसी गेट के पास, रामलीला मैदान जाने वाले रास्ते पर अभियुक्तों के सहयोगियों ने उसे रोका और कहा, "दो लाख रुपये ले लो और अदालत में कह देना कि तुमने घटना नहीं देखी।"
महिला ने बताया कि वह डर के मारे कुछ नहीं बोली, क्योंकि इन लोगों ने धमकी दी कि अगर उसने गवाही नहीं बदली तो उसकी भी हत्या उसके पिता की तरह कर दी जाएगी। अगले दिन, 25 सितंबर को जब वह अदालत में गवाही देने पहुंची, तो उसने पूरी घटना न्यायालय के समक्ष बताई और वह दो लाख रुपये भी अदालत में प्रस्तुत किए, जो रिश्वत के तौर पर उसे दिए गए थे। महिला ने बाद में इस संबंध में थाना शाहपुर पुलिस को लिखित शिकायत पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। उसने कहा कि अभियुक्त खुलेआम धमकी दे रहे हैं और उसकी जान को खतरा है। पुलिस ने शिकायत की जांच शुरू कर दी और अब एक महीने बाद माफिया सुधीर सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।




साइन इन