लव अवेयर में रोड़ा बनी सास की हत्या; बहू ने प्रेमी के साथ गला दबाकर मार डाला, रस्सी से बांधे हाथ-पैर
जांच के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरे दोपहर 2 से 4 बजे के बीच बंद मिले, जिससे पुलिस को शक हुआ। आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालने पर किरायेदार राजन शर्मा घर से निकलते हुए दिखाई दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निशातगंज इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां अवैध संबंधों में बाधा बन रही सास की बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मृतका की पहचान 69 वर्षीय निर्मला देवी के रूप में हुई है, जो सचिवालय से सेवानिवृत्त थीं। पुलिस के अनुसार, यह घटना निशातगंज की गली नंबर-3 में शनिवार दोपहर की है। निर्मला देवी अपने बेटे, बहू और पोते-पोती के साथ रहती थीं। उनके पति का करीब दो वर्ष पहले निधन हो चुका था। बेटा त्रिदेश बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत है, जबकि बहू रंजना ब्यूटी पार्लर चलाती है।
पोते ने देखा दादी का कमरे में पड़ा शव
घटना के समय त्रिदेश ड्यूटी पर था। घर में बहू रंजना और छोटी बेटी सान्वी मौजूद थीं, जबकि बड़ी बेटी अंशिका उन्नाव में अपने मामा के घर गई हुई थी। पोता आदित्य डिलीवरी बॉय का काम करता है और वह डिलीवरी देने बाहर गया हुआ था। जब वह वापस लौटा तो घर में कोई नहीं मिला। अंदर जाकर देखा तो दादी निर्मला देवी कमरे में पड़ी थीं और उनके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे। यह देख उसने तुरंत किरायेदार और परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
किराएदार राजन घर से निकलता दिखा
जांच के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरे दोपहर 2 से 4 बजे के बीच बंद मिले, जिससे पुलिस को शक हुआ। आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालने पर किरायेदार राजन शर्मा घर से निकलते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद ली, जो सीधे राजन के पास जाकर रुक गया। पुलिस ने राजन को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में यह भी सामने आया कि राजन और रंजना के बीच अवैध संबंध थे, जिनका परिवार लगातार विरोध करता था। निर्मला देवी दोनों को मिलने से रोकती थीं, जिससे नाराज होकर बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पहले हाथ-पैर बांधे, फिर गला दबाकर हत्या
आरोपियों ने पहले महिला के हाथ-पैर बांधे और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद राजन मौके के आसपास ही खड़ा रहकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। हालांकि डॉग स्क्वायड की मदद से उसकी साजिश का खुलासा हो गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।




साइन इन